गया जी : बांकेधाम श्रावणी मेला के झूला टेंडर का हुआ आवंटन, 14 लाख की सबसे ऊंची बोली पर मिला ठेका

देवघर की सांकेतिक तस्वीर
गया जी के बांकेधाम श्रावणी मेला में मनोरंजन साधनों के संचालन का टेंडर 14 लाख रुपये में पूरा हो गया है. पिछले साल की तुलना में यह राशि आधी से भी कम है. श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि इससे शुल्क में राहत मिलेगी.
Banke Dham Shravani Mela : गया जी के बांकेबाजार स्थित बांकेधाम श्रावणी मेला में मनोरंजन के साधनों के संचालन के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है. सबसे अधिक 14 लाख रुपये की बोली लगाने वाले ठेकेदार को झूला और अन्य मनोरंजन सामग्री लगाने का अधिकार दिया गया है.
श्रावणी मेला के लिए संपन्न हुई टेंडर प्रक्रिया
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की टंडवा वन समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाले बांकेधाम श्रावणी मेला के लिए टॉवर झूला, मौत का कुआं, ब्रेक डांस तथा अन्य मनोरंजन के साधनों के संचालन हेतु भूमि आवंटन का टेंडर संपन्न हुआ. टेंडर की न्यूनतम राशि 12 लाख रुपये निर्धारित की गई थी, जिसमें चार ठेकेदारों ने भाग लिया.
14 लाख रुपये की सबसे ऊंची बोली पर मिला ठेका
टेंडर प्रक्रिया में मानिकचंद नामक ठेकेदार ने सबसे अधिक 14 लाख रुपये की बोली लगाई. इसके बाद किसी अन्य ठेकेदार ने अधिक बोली नहीं लगाई, जिसके बाद उन्हें मेले में झूला एवं अन्य मनोरंजन सामग्री लगाने के लिए अधिकृत कर दिया गया.
पिछले वर्ष की तुलना में आधी से भी कम रही टेंडर राशि
वन समिति के अध्यक्ष अजय पासवान ने बताया कि पिछले वर्ष इसी मद का टेंडर 32 लाख रुपये में हुआ था, जबकि इस वर्ष यह 14 लाख रुपये में आवंटित हुआ है. टेंडर राशि में आई इस बड़ी कमी को लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है.
श्रद्धालुओं को शुल्क में राहत मिलने की उम्मीद
स्थानीय लोगों का कहना है कि जब ठेकेदार की लागत पिछले वर्ष की तुलना में काफी कम हुई है, तो इसका लाभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और बच्चों को भी मिलना चाहिए. लोगों की नजर अब जिला प्रशासन और वन समिति पर है कि क्या मनोरंजन के साधनों के शुल्क को लेकर कोई निर्धारित दर तय की जाएगी. यदि शुल्क का नियमन किया जाता है, तो मेले में आने वाले लोगों को आर्थिक राहत मिल सकती है.
अधिकारी और समिति के सदस्य रहे मौजूद
टेंडर प्रक्रिया के दौरान रेंजर नीतिकेश, वन विभाग के पुलिसकर्मी, वन समिति के सदस्य तथा ग्रामीण उपस्थित रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










