गया जी : छठीयार कार्यक्रम में डीजे पर नाचने को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प, 4 गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

गया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोगा गांव में शराब पीकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई, जिसमें पुलिस से भी नोकझोंक हुई. इस घटना में 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें से 4 को जेल भेजा गया है.

विज्ञापन

Gaya Ji News : मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत गोगा गांव के महादलित टोला में शनिवार की देर रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच शराब के नशे में दो गुटों के बीच आपसी विवाद को लेकर हिंसक झड़प हो गयी. इस दौरान दोनों तरफ से जमकर रोड़ेबाजी भी हुई.

घटना की जानकारी मिलते ही जब डायल 112 की पुलिस बल और स्थानीय मुफस्सिल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची, तो उग्र ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों के साथ भी तीखी नोकझोंक शुरू कर दी.

नशे की हालत में धुत लोगों ने पुलिस वाहन को चारों तरफ से घेर लिया और काफी देर तक बवाल काटते रहे. हालांकि, स्थानीय पुलिस ने अपनी सूझबूझ और स्वविवेक का परिचय दिया और उग्र ग्रामीणों के चंगुल से सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रही. इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से दर्जनों लोगों को हिरासत में ले लिया.

दोनों पक्षों से 15 नामजद, 4 आरोपी भेजे गए जेल

थाने में दोनों पक्षों की ओर से लिखित आवेदन देकर कुल 15 लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया है. इसमें प्रथम पक्ष के जख्मी संतोष चौधरी के बयान पर दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बनकू मांझी, चंदन मांझी, भोला उर्फ पंकज मांझी और कुलदीप मांझी को गिरफ्तार कर लिया. इन चारों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक आदेश पर जेल भेज दिया गया है.

वहीं, पुलिस के अनुसार दूसरे पक्ष के आवेदक आयुष कुमार (पिता रामवरण भुईयां) के आवेदन पर भी प्राथमिकी दर्ज की गई. लेकिन, इस आवेदन में जमानतीय धाराएं होने के कारण नामजद आरोपी अरुण चौधरी, राहुल कुमार और संतोष चौधरी को पुलिस ने थाने से ही जमानत देकर छोड़ दिया. पुलिस ने यह भी बताया कि इस हंगामे के दौरान चार लोगों को शराब के नशे में भी पकड़ा गया था, जिन पर उत्पाद अधिनियम के तहत अलग से प्राथमिकी दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया.

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, गोगा गांव के महादलित टोला में रहने वाले चौधरी परिवार के घर बच्चे के जन्म पर 'छठीयार सतइसा' कार्यक्रम चल रहा था. कार्यक्रम के दौरान कुछ लोग डीजे (DJ) साउंड पर नाच रहे थे. इसी बीच मांझी परिवार के कुछ लोग भी उस कार्यक्रम में पहुंच गए. वहां नाचने और आपसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया, जिसने देखते ही देखते एक बड़े हिंसक टकराव का रूप धारण कर लिया.

क्या कहते हैं थानाध्यक्ष

मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि गोगा गांव में दो गुटों के बीच आपसी विवाद को लेकर हिंसक झड़प की सूचना मिली थी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को पूरी तत्परता से नियंत्रित कर लिया. इस मामले में आधा दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया था. वर्तमान में गांव में शांति व्यवस्था और किसी भी संभावित तनाव को रोकने के लिए पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) काफी तेज कर दी गई है.

Also Read : शेखपुरा : पैक्स और व्यापार मंडलों को 26 जुलाई तक चावल जमा करने का निर्देश, 1483 MT आपूर्ति अब भी बाकी


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन