गया जी : प्रशांत किशोर की जीत की कामना को लेकर गया में विशेष हवन, जन सुराज कार्यकर्ताओं ने की पूजा

मां मंगला गौरी मंदिर में हवन करते जनसुरज पार्टी के कार्यकर्ता | Prabhat Khabar Network
जन सुराज के कार्यकर्ताओं ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत और बिहार में व्यवस्था परिवर्तन की कामना को लेकर गया के मां मंगलागौरी मंदिर में विशेष हवन, यज्ञ और पूजा-अर्चना का आयोजन किया. कार्यकर्ताओं ने जनता के मुद्दों पर प्रशांत किशोर के संघर्ष को रेखांकित किया.
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत और बिहार में बदलाव की कामना को लेकर गया के विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां मंगलागौरी मंदिर में मंगलवार को विशेष हवन, यज्ञ और पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम का नेतृत्व जन सुराज के गया जिला अध्यक्ष रवि रंजन ने किया. इस अवसर पर पार्टी के कई पदाधिकारी, महिला प्रकोष्ठ की सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.
सभी ने मां मंगलागौरी से प्रशांत किशोर की भारी मतों से जीत और बिहार में नई राजनीतिक शुरुआत की प्रार्थना की.
व्यवस्था परिवर्तन की लड़ाई लड़ रहे हैं प्रशांत किशोर: जिला अध्यक्ष
हवन-पूजन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए जिला अध्यक्ष रवि रंजन ने कहा कि प्रशांत किशोर अपने व्यक्तिगत राजनीतिक भविष्य के लिए नहीं, बल्कि बिहार में व्यवस्था परिवर्तन और जनता के हितों की लड़ाई लड़ रहे हैं.
उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली, लगातार हो रहे पेपर लीक, भ्रष्टाचार, शोषण और कानून-व्यवस्था जैसे गंभीर मुद्दों पर सबसे मजबूती से आवाज उठाने का काम प्रशांत किशोर कर रहे हैं, इसलिए जनता इस बार बदलाव के पक्ष में खड़ी दिखाई दे रही है.
उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर की जीत तय है. पार्टी कार्यकर्ताओं ने मां मंगलागौरी के दरबार में हवन और यज्ञ कर यह प्रार्थना की है कि प्रशांत किशोर केवल चुनाव न जीतें, बल्कि भारी बहुमत से विजय हासिल करें, ताकि बिहार की राजनीति में सकारात्मक बदलाव का नया अध्याय शुरू हो सके.
बांकीपुर का चुनाव बिहार के भविष्य का चुनाव: महिला मोर्चा
वहीं, महिला जिला अध्यक्ष संजिता चौहान ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव सिर्फ एक सीट का चुनाव नहीं, बल्कि बिहार के भविष्य का चुनाव है.
उन्होंने कहा कि प्रशांत किशोर जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं और इस बार बांकीपुर की जनता उन्हें भारी समर्थन देकर नई राजनीति की शुरुआत करेगी.
उन्होंने कहा कि मां मंगलागौरी के आशीर्वाद से जन सुराज को ऐतिहासिक सफलता मिलेगी और बिहार में बदलाव की नई इबारत लिखी जाएगी.
कार्यक्रम में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस मौके पर अमित कुमार, संतोष कुमार, वार्ड पार्षद गजेंद्र सिंह, अमित शर्मा, राम कुमार, इरान कुमार समेत कई लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संजीव कुमार
संजीव कुमार पाठक प्रिंट माध्यम में 18 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 4 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. बौंसी (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










