महाबोधि मंदिर की सुरक्षा बढ़ी, कांवरियों की आवाजाही से पहले हर श्रद्धालु की होगी सख्त जांच

Updated:
विज्ञापन
महाबोधि मंदिर के पहले इंट्री प्वाइंट पर तैनात सुरक्षाकर्मी  | Prabhat Khabar Network

महाबोधि मंदिर के पहले इंट्री प्वाइंट पर तैनात सुरक्षाकर्मी | Prabhat Khabar Network

विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था श्रावण माह में कांवड़ियों के आगमन को देखते हुए कड़ी कर दी गई है. खुफिया अलर्ट के बाद प्रवेश द्वार पर गहन जांच की जा रही है, जिससे माहौल सुरक्षित रहे.

विज्ञापन

Gayaji News : विश्व धरोहर महाबोधि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सख्त कर दी गई है. श्रावण माह में बाबा धाम जाने वाले कांवरियों के बोधगया पहुंचने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं की जांच प्रक्रिया को और कड़ा कर दिया गया है.

कांवरियों की आवाजाही को लेकर बढ़ाई गई चौकसी

आगामी 28 जुलाई से कांवरियों की टोली का बोधगया आगमन शुरू हो जाएगा. बाबा धाम (देवघर) जाने और लौटने के दौरान बड़ी संख्या में कांवरिया महाबोधि मंदिर पहुंचकर पूजा-दर्शन करते हैं. इसे देखते हुए मंदिर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है.

खुफिया अलर्ट के बाद सुरक्षा व्यवस्था मजबूत

सूत्रों के अनुसार, महाबोधि मंदिर की सुरक्षा को लेकर खुफिया एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है. इसमें आशंका जताई गई है कि असामाजिक तत्व कांवरियों के वेश में मंदिर परिसर में प्रवेश कर माहौल खराब करने का प्रयास कर सकते हैं. इसके बाद मंदिर में तैनात सुरक्षाकर्मियों को विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है.

प्रवेश द्वार पर होगी गहन जांच

सुरक्षा अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि मंदिर परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पूरी जांच की जाए. सभी इंट्री प्वाइंट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया है.

औरंगाबाद, सासाराम समेत कई जिलों से आते हैं कांवरिया

श्रावण माह में देवघर जाने वाले कांवरियों में औरंगाबाद, सासाराम और झारखंड के सीमावर्ती जिलों के श्रद्धालुओं की संख्या अधिक रहती है. ये श्रद्धालु बोधगया पहुंचकर महाबोधि मंदिर का दर्शन करते हैं. सुरक्षा एजेंसियों ने इसी भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतने का निर्देश दिया है.

पितृपक्ष मेला को लेकर भी तैयारी

अधिकारियों ने बताया कि श्रावण के बाद पितृपक्ष मेला में भी लाखों की संख्या में पिंडदानी बोधगया पहुंचते हैं. महाबोधि मंदिर परिसर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठान करते हैं. ऐसे में सुरक्षा जांच में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया है.

सीसीटीवी से रखी जा रही हर गतिविधि पर नजर

मंदिर की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों के अलावा बाहरी क्षेत्र में तैनात क्यूआरटी को भी अलर्ट कर दिया गया है. मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के कंट्रोल रूम से लगातार निगरानी की जा रही है.

क्या कहते हैं सुरक्षा प्रभारी

महाबोधि मंदिर के सुरक्षा इंचार्ज इंस्पेक्टर इंद्रजीत कुमार ने बताया कि 28 जुलाई से कांवरियों की आवाजाही शुरू हो जाएगी. इसे देखते हुए सभी चेकिंग प्वाइंट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है. उन्होंने कहा कि सुरक्षा के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था को पूरी तरह चौकस किया गया है.


विज्ञापन
Kalendra Pratap Singh

लेखक के बारे में

By Kalendra Pratap Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन