गया प्रधान डाकघर को मिले नए वरीय डाकपाल, कर्मचारियों ने किया जोरदार स्वागत

वरीय डाकपाल के स्वागत करते हुए डाक कर्मचारी | Prabhat Khabar Network
गया जी प्रधान डाकघर को नए वरीय डाकपाल मिल गए हैं. मुकेश कुमार लश्कर ने पदभार ग्रहण किया, जिससे कर्मचारियों में खुशी की लहर है. नई नियुक्ति से उपभोक्ता सेवाओं में सुधार की उम्मीद जगी है.
गया जी शहर के जीबी रोड स्थित प्रधान डाकघर में मुकेश कुमार लश्कर ने नए वरीय डाकपाल के रूप में पदभार ग्रहण किया. पदभार संभालने के बाद प्रधान डाकघर परिसर में कर्मचारियों के बीच खासा उत्साह देखा गया.
इस अवसर पर राष्ट्रीय डाक कर्मचारी संघ एवं फेडरेशन कर्मचारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात कर पुष्पगुच्छ भेंट किया और कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं व विभागीय कार्यों पर विस्तार से चर्चा की.
प्रतिनिधिमंडल में कर्मचारी संघ के सचिव विकास कुमार, इमरान खान और नीरज सहित कई अन्य कर्मचारी शामिल रहे.
समस्याओं के समाधान व उपभोक्ता सुविधाओं पर चर्चा
प्रतिनिधियों ने नए वरीय डाकपाल के समक्ष कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र निष्पादन, कार्यालय में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता और कर्मचारियों के हितों की रक्षा की मांग रखी. इसके साथ ही विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के लिए सभी कर्मचारियों की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा भी दिलाया.
मृदुल व मिलनसार स्वभाव से कर्मचारियों में सकारात्मक माहौल: सचिव
कर्मचारी संघ के सचिव विकास कुमार ने मुकेश कुमार लश्कर के पदभार ग्रहण करने पर प्रसन्नता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि उनके मृदुल, सरल व मिलनसार स्वभाव के कारण कर्मचारियों के बीच एक बेहद सकारात्मक माहौल बना है.
उन्होंने विश्वास जताया कि उनके कुशल नेतृत्व में कार्यालय की कार्य संस्कृति और अधिक मजबूत होगी तथा आम उपभोक्ताओं व ग्राहकों को और बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी.
पदभार ग्रहण के इस अवसर पर प्रधान डाकघर में खुशी का वातावरण रहा. विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने नए वरीय डाकपाल का अभिनंदन करते हुए उनके सफल व प्रेरणादायी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं.
Also Read : गया जी : तीन दिन की बारिश से टूटी सड़क बनी परेशानी, शिकायत के बाद प्रशासन ने कराया दुरुस्त
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










