गया जी : शेरघाटी में करंट की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक की मौत, गांव में पसरा मातम

Updated:
विज्ञापन
बिजली के पोल में उतरे करेंट की चपेट में आने से खेत में काम कर रहे मजदूर की मौत, विभाग पर लापरवाही का आरोप

रोती बिलखती मृतक कारू मांझी की पत्नी | Prabhat Khabar Network

शेरघाटी के योगापुर गांव में खेत में काम कर रहे 25 वर्षीय मजदूर की बिजली के करंट से दुखद मौत हो गई। परिवार पीछे छूट गया है, और उनके भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीण बिजली विभाग की घोर लापरवाही को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं।

विज्ञापन

Gaya Ji News :शेरघाटी थाना क्षेत्र के योगापुर गांव में शनिवार को खेत में धान रोपाई की तैयारी में लगे 25 वर्षीय मजदूर कारू मांझी की बिजली के करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गयी. इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी है.

मृतक अपने पीछे पत्नी और चार छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनके भरण-पोषण का अब संकट खड़ा हो गया है. मृतक के पिता टिपु मंडल ने घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि कारू मांझी शनिवार को धान रोपाई के लिए खेत में आरी देने का काम कर रहा था. एक तरफ का काम पूरा करने के बाद वह जैसे ही दूसरी ओर आरी देने के लिए आगे बढ़ा, तभी यह हादसा हो गया.

दोपहर में परिजन जब खाना लेकर खेत पहुंचे तब हुआ खुलासा, अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत

मृतक के पिता ने बताया कि खेत के किनारे लगे बिजली के एक पोल में पहले से ही खतरनाक करंट प्रवाहित हो रहा था. खेत में काम करते-करते जैसे ही कारू उस पोल के बिल्कुल नजदीक पहुंचा, वह अचानक करंट की तेज चपेट में आ गया और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी. उन्होंने बताया कि घटना के समय आसपास किसी के न होने के कारण काफी देर तक किसी को भी इस बात की जानकारी नहीं हो सकी.

दोपहर करीब 12:30 बजे जब परिवार के लोग खाना लेकर खेत पहुंचे, तो कारू को जमीन पर बेसुध गिरा देखा. परिजनों द्वारा शोर मचाने पर आसपास के खेतों में काम कर रहे लोग जुटे और उसे तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल शेरघाटी लाया गया, जहां तैनात चिकित्सक ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.

पत्नी और चार बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल

इस दुखद घटना के बाद मृतक की पत्नी मुनीया देवी एवं चारों मासूम बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. मृतक के पिता ने बिजली विभाग पर गंभीर लापरवाही का सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि संबंधित बिजली पोल में करंट उतरने की शिकायत ग्रामीणों ने पहले भी कई बार विभाग को दी थी, लेकिन अधिकारियों द्वारा समय रहते इसकी मरम्मत नहीं करायी गयी.

उन्होंने रोते हुए कहा कि बिजली विभाग की इसी घोर लापरवाही के कारण आज उनके युवा बेटे की असमय जान चली गयी. उन्होंने यह भी बताया कि हाल के दिनों में पड़ोस के गांव पलेहत में भी इसी तरह करंटयुक्त बिजली पोल की चपेट में आने से एक बेजुबान जानवर की मौत हुई थी, जिससे साफ है कि विभाग सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है.

मामले की जांच शुरू

इधर, खेत में करंट लगने से मजदूर की मौत की सूचना मिलने के तुरंत बाद शेरघाटी थाना पुलिस की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए शव को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गया भेज दिया गया है.

स्थानीय पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से घटना की पूरी जानकारी ली है और विभाग के स्तर पर हुई इस लापरवाही के मामले की जांच में जुट गयी है.

Also Read : गया जी : बोरवेल में गिरने के बाद भी हाथ से नहीं छोड़ा मोबाइल, NDRF ने ‘अंकुशी’ तकनीक से बचाई जान


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन