गया जी : सीयूएसबी: कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने किया दो अंतरराष्ट्रीय पुस्तकों का लोकार्पण, फार्मेसी विभाग की बड़ी उपलब्धि
पुस्तकों का लोकार्पण करते कुलपति | Prabhat Khabar Network
दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने फार्मेसी विभाग के प्राध्यापकों प्रो. विवेक दवे एवं डॉ. अरुण कुमार द्वारा संपादित दो विद्वतापूर्ण पुस्तकों का औपचारिक लोकार्पण किया. ये पुस्तकें नैनो प्रौद्योगिकी और बायोमेडिकल अनुप्रयोगों के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान प्रस्तुत करती हैं.
Gaya Ji News : दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने फार्मेसी विभाग के प्राध्यापकों प्रो. विवेक दवे एवं डॉ. अरुण कुमार द्वारा संपादित दो विद्वतापूर्ण पुस्तकों का औपचारिक लोकार्पण किया. लोकार्पण की गई पुस्तकों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित सीआरसी प्रेस (टेलर एंड फ्रांसिस ग्रुप) द्वारा प्रकाशित 'नैनोकम्पोनेंट्स एंड नैनोमटेरियल्स इन बायोमेडिकल एप्लीकेशंस' तथा विश्वविख्यात एल्सेवियर अकादमिक प्रेस द्वारा प्रकाशित 'एक्स्ट्रासेलुलर वेसिकल्स-बेस्ड बायो-वेक्टर्स फॉर डायग्नोस्टिक एंड बायोमेडिकल एप्लिकेशन्स' शामिल थीं.
आपके शहर में
ये दोनों प्रकाशन औषधि विज्ञान, ड्रग डिलीवरी, नैनो प्रौद्योगिकी तथा उन्नत सामग्रियों के क्षेत्र में समकालीन शोध की दृष्टि से महत्वपूर्ण योगदान प्रस्तुत करते हैं और उनकी अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक महत्ता को भी रेखांकित करते हैं.
अंतरराष्ट्रीय प्रकाशनों से विश्वविद्यालय की वैश्विक शैक्षणिक पहचान होगी और अधिक सुदृढ़: कुलपति
इस गौरवमयी अवसर पर कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह ने दोनों प्रतिभावान संपादकों को उनकी इस उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रकाशनों से विश्वविद्यालय की वैश्विक शैक्षणिक पहचान और अधिक सुदृढ़ होती है.
उन्होंने शोध के प्रति दोनों संपादकों की गहरी प्रतिबद्धता तथा विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट प्रतिष्ठा दिलाने के उनके निरंतर प्रयासों की सराहना की.
विश्वभर के शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं के लिए उपयोगी संदर्भ ग्रंथ सिद्ध होंगी ये पुस्तकें: प्रो. सुब्रत कुमार
इस विशेष अवसर पर उपस्थित स्वास्थ्य विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता प्रो. सुब्रत कुमार भट्टमिश्र ने दोनों संपादकों की विद्वतापूर्ण उपलब्धियों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि एल्सेवियर और सीआरसी प्रेस जैसे विश्व-प्रसिद्ध प्रकाशकों द्वारा इन पुस्तकों का प्रकाशित होना स्वास्थ्य विज्ञान संकाय की लगातार बढ़ती शोध उत्कृष्टता का एक जीवंत प्रमाण है. उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि ये उत्कृष्ट पुस्तकें विश्वभर के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, उद्योग विशेषज्ञों तथा विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी संदर्भ ग्रंथ सिद्ध होंगी.
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ प्राध्यापक और शोधार्थी रहे उपस्थित, संपादकों ने जताया आभार
विश्वविद्यालय के जन संपर्क पदाधिकारी (पीआरओ) मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस गरिमामयी आयोजन में विभाग के संकाय सदस्य डॉ. गिरीश कुमार सिंह एवं डॉ. बिभाष चंद्र मोहंता सहित कई शोधार्थी एवं विद्यार्थी मुख्य रूप से उपस्थित रहे.
कार्यक्रम के दौरान दोनों संपादकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन एवं अपने सभी सहकर्मियों के रचनात्मक सहयोग के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया तथा प्रभावशाली शैक्षणिक प्रकाशनों के माध्यम से वैज्ञानिक अनुसंधान एवं ज्ञान के प्रसार को निरंतर आगे बढ़ाने के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराई.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए