गया जी :बाराचट्टी में हादसा, अजमेर शरीफ जा रही यात्री बस डिवाइडर से टकरायी, 30 से अधिक यात्री घायल

Updated:
विज्ञापन

फोटो-बाराचट्टी में गुखले पुल के समिप दुर्घटना में क्षतिग्रस्त यात्री बस। | Prabhat Khabar Network

पश्चिम बंगाल से अजमेर जा रही यात्रियों से भरी बस बाराचट्टी के गोखले पुल पर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में 24 यात्री घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।

विज्ञापन

बाराचट्टी का गोखले पुल शुक्रवार की सुबह एक और सड़क हादसे का गवाह बना. पश्चिम बंगाल से अजमेर शरीफ जा रही एक यात्री बस गोखले पुल के समीप डिवाइडर से टकराकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. हादसे में बस पर सवार 30 से अधिक यात्री मामूली रूप से घायल हो गये.

आपके शहर में

विज्ञापन

एक घायल को बेहतर इलाज के लिए गया भेजा गया

घायलों को एंबुलेंस की मदद से बाराचट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां सभी का प्राथमिक उपचार किया गया. इनमें से जुम्मातुन बीवी को बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज, गया रेफर किया गया. उपचार के बाद अन्य घायल यात्री दूसरी गाड़ी से अजमेर शरीफ के लिए रवाना हो गये.

मुर्शिदाबाद और वर्धमान के रहने वाले थे यात्री

जानकारी के अनुसार, बस पर सवार यात्री पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद और वर्धमान इलाके के रहने वाले थे. सभी अजमेर शरीफ में चादर चढ़ाने के लिए जा रहे थे. हादसे में घायल यात्रियों का इलाज बाराचट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया.

नींद में थे सभी यात्री, अचानक सुनायी दी जोरदार आवाज

घायल यात्रियों ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब चार बजे हादसा हुआ. घटना के समय बस में सवार सभी यात्री नींद में सो रहे थे. अचानक बस में जोरदार आवाज हुई और यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे. इस दौरान कई लोगों के शरीर में चोट लगी. यात्रियों के अनुसार, बस के डिवाइडर से टकराने के कारण यह हादसा हुआ.

फोटो-बाराचट्टी में गुखले पुल के समिप दुर्घटना में क्षतिग्रस्त यात्री बस। | Prabhat Khabar Network
फोटो-बाराचट्टी में गुखले पुल के समिप दुर्घटना में क्षतिग्रस्त यात्री बस। | Prabhat Khabar Network

हादसे के बाद कुछ देर बाधित रहा यातायात

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया. हादसे के कारण सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित रहा. बाद में बाराचट्टी पुलिस ने स्थिति सामान्य करायी. सड़क पर खड़ी क्षतिग्रस्त बस को क्रेन की मदद से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका.

एक महीने में कई हादसों का दावा

स्थानीय लोगों ने बताया कि संबंधित स्थल पर पिछले एक महीने के दौरान कई सड़क हादसे हो चुके हैं. गोखले नदी पर तीन पुल बनाये गये हैं. इनमें से एक स्थान पर डिवाइडर बनाया गया है. स्थानीय लोगों के अनुसार, झारखंड की ओर से आने वाले वाहनों के चालकों को डिवाइडर की स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण वाहन उससे टकरा जाते हैं.

डिवाइडर के पास संकेतक नहीं होने पर सवाल

स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल के समीप बनाये गये डिवाइडर के पास कोई बोर्ड या संकेतक नहीं लगाया गया है. उनका दावा है कि इसी वजह से यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं. सामाजिक कार्यकर्ता नवल गुप्ता ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से मामले में आवश्यक पहल करने की मांग की है.

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन