गया जी : खिजरसराय में चार्जिंग के दौरान पावर बैंक फटा, युवक घायल; CHC में इलाज जारी

AI इमेज | प्रभात खबर
खिजरसराय में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई, जहां चार्जिंग के दौरान पावर बैंक फटने से एक युवक बुरी तरह झुलस गया. सुरक्षित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण उपयोग के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए हैं.
खिजरसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत गया जी-पटना मुख्य मार्ग के किनारे अस्थायी डेरा डाले गुलगुलिया समाज के एक युवक के साथ शनिवार को बड़ा हादसा हो गया. युवक के हाथ में अचानक पावर बैंक ब्लास्ट कर गया, जिससे उसका हाथ गंभीर रूप से झुलस गया. इस तेज विस्फोट की चपेट में आने से उसके मोबाइल की बैटरी भी क्षतिग्रस्त होकर फट गई.
घायल युवक की पहचान उत्तर प्रदेश के झांसी (ललितपुर) निवासी कृष्ण कुमार के रूप में हुई है. घटना के बाद मौके पर मौजूद परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) खिजरसराय पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है.

घूम-घूमकर लहठी बेचने का काम करता है परिवार
घायल युवक के परिजनों ने बताया कि वे घूम-घूमकर लहठी (चूड़ियां) बेचने का काम करते हैं और वर्तमान में खिजरसराय में सड़क किनारे अस्थायी रूप से डेरा डालकर रह रहे हैं. अचानक हुए इस हादसे से पूरा परिवार बुरी तरह डर गया. अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, युवक के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं और उसे आवश्यक प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है.

मोबाइल और पावर बैंक के इस्तेमाल में बरतें ये सावधानियां
घटना के संबंध में स्थानीय मोबाइल दुकानदार राकेश माथुर ने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के सुरक्षित उपयोग को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए हैं:
- ब्रांडेड चार्जर का ही उपयोग करें: पावर बैंक और मोबाइल को हमेशा प्रमाणित व ओरिजिनल चार्जर से ही चार्ज करें.
- खराब या फूली बैटरी का न करें प्रयोग: यदि बैटरी फूल गई हो या बहुत अधिक गर्म हो रही हो, तो उसका इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें.
- गर्मी व धूप से बचाएं: चार्जिंग के दौरान मोबाइल या पावर बैंक को धूप या अत्यधिक गर्म स्थान पर न रखें.
- असामान्य लक्षणों पर रखें ध्यान: किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस में अत्यधिक गर्माहट, सूजन या अजीब गंध महसूस होने पर उसे तुरंत खुद से दूर कर दें और उपयोग रोक दें.
Also Read : आरा : बड़ी मठिया में समाज सेवा कार्यक्रम, सैकड़ों बच्चों के बीच बांटी गईं ड्रेस, किताबें और जरूरी सामग्री
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










