आरा : बड़ी मठिया में समाज सेवा कार्यक्रम, सैकड़ों बच्चों के बीच बांटी गईं ड्रेस, किताबें और जरूरी सामग्री

आरा के श्री हनुमान मंदिर बड़ी मठिया परिसर में समाज सेवा एवं शिक्षा प्रोत्साहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. सैकड़ों महादलित बच्चों के बीच निःशुल्क स्कूल ड्रेस, पाठ्य सामग्री, छाते एवं दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया.
आरा शहर के स्थानीय श्री हनुमान मंदिर बड़ी मठिया परिसर में रविवार को समाज सेवा एवं शिक्षा प्रोत्साहन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया. पूज्य जीयर स्वामी जी महाराज के प्रधान शिष्य एवं बड़ी मठिया के महंत श्री अयोध्या नाथ स्वामी जी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों महादलित बच्चों के बीच निःशुल्क स्कूल ड्रेस, पाठ्य सामग्री, छाते एवं दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुओं का वितरण किया गया.
कार्यक्रम में पद्मश्री से सम्मानित एवं 'नई आशा' एनजीओ के संचालक भीम सिंह भवेश सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे. अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए शिक्षा के महत्व पर विशेष बल दिया.
दृढ़ संकल्प से प्राप्त किया जा सकता है लक्ष्य: महंत श्री अयोध्या नाथ स्वामी जी
अपने संबोधन में महंत श्री अयोध्या नाथ स्वामी जी ने बच्चों को प्रेरक कथा सुनाते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियां कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनतीं. यदि मन में सीखने की सच्ची लगन, मेहनत और दृढ़ संकल्प हो, तो कोई भी व्यक्ति अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकता है. उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने, बड़ों का सम्मान करने तथा जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने का आह्वान किया.
वंचित बच्चों को सुविधाएं देना ही सच्ची मानव सेवा: पद्मश्री भीम सिंह भवेश
इस अवसर पर पद्मश्री भीम सिंह भवेश ने बड़ी मठिया की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के वंचित एवं महादलित बच्चों को शिक्षा और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना ही सच्ची मानव सेवा है. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास समाज में समान अवसर प्रदान करने और सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी, स्थानीय नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे. सभी ने बड़ी मठिया द्वारा किए जा रहे इस सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्य की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे एक प्रेरणादायी पहल बताया.
Also Read : गया जी : नीट पेपर लीक के विरोध में जीटी रोड पर छात्रों का प्रदर्शन, लगा लंबा जाम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










