गया जी में 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा: इस्कॉन में बन रहा 35 फीट ऊंचा रथ

Updated:
विज्ञापन
Jagannath Rath Yatra 2026

सांकेतिक तस्वीर

Jagannath Rath Yatra 2026 : गया जी में 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा निकाली जाएगी. इस्कॉन मंदिर में 35 फीट ऊंचे रथ का निर्माण अंतिम चरण में है. श्रद्धालुओं को घर-घर जाकर निमंत्रण और अक्षत दिए जा रहे हैं.

विज्ञापन

Jagannath Rath Yatra 2026 : शहर समेत पूरे जिले में इस बार भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथयात्रा 16 जुलाई को निकाली जाएगी. इस भव्य धार्मिक आयोजन को लेकर इस्कॉन मंदिर और गौड़ीय मठ के अलावा शहर व ग्रामीण इलाकों के अधिकतर मंदिरों तथा ठाकुरबाड़ियों में तैयारियां युद्ध स्तर पर शुरू हो गई हैं. विशेष रूप से इस्कॉन मंदिर में 16 जुलाई को आयोजित होने वाली भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा की तैयारियां पूरे उत्साह, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ चल रही हैं.

इस बड़े आयोजन को लेकर अभी से ही मंदिर परिसर और स्थानीय भक्तों के बीच अद्भुत आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण बना हुआ है.

बन रहा 35 फीट ऊंचा भव्य रथ

रथयात्रा के मुख्य आकर्षण के लिए इस्कॉन मंदिर में करीब 35 फुट ऊंचे भव्य रथ का निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में है. इसके साथ ही भगवान के लिए विशेष नए वस्त्र तैयार किए जा रहे हैं. रथयात्रा के दिन के लिए भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलदेव और देवी सुभद्रा के लिए आकर्षक व पारंपरिक वेशभूषा विशेष कारीगरों से बनवाई जा रही है.

Gaya Ji News : घर-घर जा रहा न्योता

अधिक-से-अधिक आम लोगों और श्रद्धालुओं को इस दिव्य उत्सव से जोड़ने के उद्देश्य से इस्कॉन गया के स्वयंसेवक (वॉलंटियर्स) घर-घर जाकर लोगों को निमंत्रण और अक्षत दे रहे हैं, ताकि कोई भी श्रद्धालु इस पावन रथयात्रा में सम्मिलित होने से वंचित न रह जाए.

मार्ग में बंटेगा महाप्रसाद

इस्कॉन मंदिर के प्रबंधक जगदीश श्याम दास ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि रथयात्रा के शुभ अवसर पर आयोजित होने वाले विशाल भंडारे तथा यात्रा मार्ग में आम लोगों के बीच वितरित किए जाने वाले महाप्रसाद की विस्तृत व्यवस्था और मेनू पूरी तरह निर्धारित कर लिया गया है. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए उनकी सुविधा, सुरक्षा और पूरे कार्यक्रम का सुव्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के लिए स्वयंसेवकों के साथ नियमित समीक्षा बैठकें की जा रही हैं.

सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर स्वयंसेवकों की बैठकें

सभी स्वयंसेवकों के बीच अलग-अलग व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी बांट दी गई है. इस्कॉन गया प्रबंधन की ओर से शहर व आसपास के सभी नागरिकों, श्रद्धालुओं और भक्तों से सादर आग्रह किया गया है कि वे अपने परिवार, रिश्तेदारों और मित्रों के साथ इस भव्य श्री जगन्नाथ रथयात्रा में सम्मिलित होकर भगवान का दिव्य दर्शन प्राप्त करें तथा हरि नाम संकीर्तन का पुण्य लाभ उठाएं.

Also Read : गया जी : झुंड से बिछड़े दो हाथियों को जंगल पहुंचाने में जुटा वन विभाग, 36 घंटे से जारी अभियान

विज्ञापन
Niraj Kumar

लेखक के बारे में

By Niraj Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन