गया जी : झुंड से बिछड़े दो हाथियों को जंगल पहुंचाने में जुटा वन विभाग, 36 घंटे से जारी अभियान

हाथियों की तलाश में जुटी वन विभाग की टीम
Gaya Ji News : गया जी के फतेहपुर क्षेत्र में झुंड से बिछड़े दो जंगली हाथियों को सुरक्षित झारखंड के जंगल तक पहुंचाने के लिए वन विभाग पिछले 36 घंटे से अभियान चला रहा है. हाथियों की तलाश ड्रोन से की जा रही है.
Gaya Ji News : फतेहपुर थाना क्षेत्र में अपने झुंड से बिछड़कर पहुंचे दो जंगली हाथियों को सुरक्षित झारखंड के जंगल तक पहुंचाने के लिए वन विभाग पिछले 36 घंटे से लगातार अभियान चला रहा है. रविवार की सुबह गन्नी पिपरा के पास आबादी वाले क्षेत्र में दिखाई देने के बाद से दोनों हाथी लगातार अपना ठिकाना बदल रहे हैं. मंगलवार देर शाम तक भी दोनों हाथी फतेहपुर एवं मोहनपुर प्रखंड की सीमा से सटे जंगलों में भटकते रहे.
संयुक्त टीम की पैनी नजर
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, दोनों हाथियों को उनके मूल झुंड से मिलाने और सुरक्षित झारखंड के जंगल की ओर भेजने के लिए बाराचट्टी वन क्षेत्र व गुरपा वन क्षेत्र की संयुक्त टीम लगातार निगरानी और रेस्क्यू अभियान में जुटी हुई है. गया जी जिला प्रशासन भी पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति की क्षति न हो. गुरपा वन क्षेत्र पदाधिकारी रजनीश कुमार ने बताया कि फिलहाल हाथियों को लेकर बाराचट्टी वन क्षेत्र के पदाधिकारी लीड कर रहे हैं.
ड्रोन से हाथियों की तलाश
मंगलवार की सुबह मटगढ़ा जंगल में हाथियों के पैरों के निशान, मल-मूत्र और टूटे हुए पेड़ देखे गये हैं. हालांकि, हाथियों का पता नहीं चल सका है. उनका पता लगाने के लिए ड्रोन का सहारा लिया जा रहा है. बता दें कि रविवार की सुबह गन्नी पिपरा के पास जंगल से निकलकर दोनों हाथी आबादी वाले इलाके में पहुंच गये थे. अचानक हाथियों को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गयी. आशंका जतायी जा रही है कि दोनों हाथी अपने झुंड से बिछड़कर रास्ता भटक गये हैं. अनजान क्षेत्र में पहुंचने के कारण वे लगातार इधर-उधर घूम रहे हैं और बेचैन नजर आ रहे हैं.
हाथियों को देखने जुटी भीड़
इस घटना के दौरान कई बच्चे और ग्रामीण हाथियों को देखने के लिए जुट गये तथा शोर-शराबा भी किया, जिससे स्थिति संवेदनशील हो गयी. हालांकि, अब तक दोनों हाथियों ने किसी व्यक्ति या संपत्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया है.
हाथियों से दूरी बनाये रखने की सलाह
सूचना मिलने के बाद गुरपा वन क्षेत्र के वन रेंजर रजनीश कुमार व फतेहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाये रखने की सलाह दी. वन विभाग की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है. उन्हें आबादी वाले क्षेत्रों से दूर रखते हुए सुरक्षित जंगल की ओर मोड़ने का प्रयास कर रही है. अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के पास जाने, उन्हें उकसाने या शोर-शराबा करने से बचें तथा रेस्क्यू अभियान में वन विभाग और प्रशासन का सहयोग करें.
Also Read : एक फोन कॉल और सात ट्रांजैक्शन: ATM बूथ पर चिपके फर्जी नंबर के जाल में फंसकर युवक ने गंवाए 1.15 लाख
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










