गया जी शहर में ₹7.77 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की शुरुआत, सड़क-नाली से फुटपाथ और पार्किंग तक होगा काम
उद्घाटन के दौरान विधानसभा अध्यक्ष व अन्य | Prabhat Khabar Network
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने गया में ₹7.77 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ व शिलान्यास किया. मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना और राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत सड़क, नाली, फुटपाथ, वेंडिंग जोन व पौधारोपण जैसे कार्यों से शहर को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने का लक्ष्य है.
Gaya Ji News : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने सड़क, नाली, फुटपाथ, पार्किंग, वेंडिंग जोन व पौधारोपण कार्यों का किया शुभारंभ व शिलान्यास. संवाददाता, गया जी. बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने रविवार को मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना व राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत गया नगर क्षेत्र में 7.77 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विभिन्न विकास योजनाओं का शुभारंभ, शिलान्यास व उद्घाटन किया.
इस दौरान उन्होंने कहा कि गया शहर को स्वच्छ, सुंदर, हरित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है.
विकास योजनाओं का शुभारंभ
राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम 2026-27 के तहत दिग्गी तालाब में सौंदर्यीकरण एवं पौधारोपण कार्य का 319.7985 लाख रुपये की लागत से शुभारंभ किया गया. वहीं जेपी झरना से मिर्जा गालिब कॉलेज होते हुए नाजरेथ एकेडमी तक फुटपाथ, वृक्षारोपण, वेंडिंग जोन एवं पार्किंग विकसित करने का कार्य 147.36 लाख रुपये की लागत से शुरू किया गया.
शिलान्यास और उद्घाटन कार्य
मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना 2025-26 के तहत वार्ड 14 में पंचायती अखाड़ा, मगध पैलेस से मुख्य पथ तक सड़क निर्माण का 19.03 लाख रुपये की लागत से शिलान्यास हुआ.
वार्ड 10 में केंद्रीय विद्यालय के पीछे 16.33 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण तथा वार्ड 32 में एपी कॉलोनी स्थित खुशी रेस्टोरेंट से जेल अधीक्षक आवास तक 86.72 लाख रुपये की लागत से पथ व नाली निर्माण का शिलान्यास किया गया.
वार्ड 30 में चंदौती उच्च विद्यालय पहुंच पथ का 6.20 लाख रुपये की लागत से शिलान्यास हुआ. वार्ड 44 में खजुरिया सामुदायिक भवन से कर्पूरी भवन होते हुए मुख्य पथ तक 102.75 लाख रुपये की लागत से निर्मित पथ व नाली का उद्घाटन किया गया.
विभिन्न वार्डों में निर्माण कार्य
वहीं मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना 2024-25 के तहत वार्ड 44 के मदनपुर महादेव नगर में 20.05 लाख, वार्ड 23 में एसपी कार्यालय से सहकारिता विभाग कार्यालय होते हुए दुर्गाबाड़ी पथ तक 23.77 लाख तथा वार्ड 32 में जीआरडीए स्टोर के निकट 7.55 लाख रुपये की लागत से पथ व नाली निर्माण का शिलान्यास किया गया.
वार्ड 24 में पब्लिक लाइब्रेरी के पास 28.33 लाख रुपये की लागत से निर्मित पथ एवं नाली का उद्घाटन किया गया.
अधिकारियों को निर्देश
डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि आधारभूत नागरिक सुविधाओं के विस्तार के साथ पर्यावरण संरक्षण और वायु गुणवत्ता में सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. सड़क व नाली निर्माण से आवागमन और जल निकासी बेहतर होगी, जबकि फुटपाथ, वेंडिंग जोन और पार्किंग से यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में मदद मिलेगी.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों व निर्माण एजेंसियों को सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जायेगा.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए