पितृपक्ष मेले में गया जंक्शन पर 1000 श्रद्धालुओं के लिए बनेगा होल्डिंग एरिया, ट्रेन की पल-पल की मिलेगी जानकारी

Updated:
विज्ञापन

गया जंक्शन और प्लेटफॉर्म पर लगी ट्रेन की तस्वीर

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

गया जंक्शन पितृपक्ष मेला 2026 के लिए तैयार हो रहा है. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 1000 लोगों का होल्डिंग एरिया बनाया जा रहा है. यात्रियों को पीने के पानी, बिजली, पंखे और ट्रेनों की लाइव जानकारी मिलेगी.

विज्ञापन

विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला-2026 में देश के विभिन्न हिस्सों से गया आने वाले श्रद्धालुओं को रेलवे स्टेशन पर बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी तेज कर दी गई है. गया जंक्शन पर श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और उन्हें ट्रेनों के इंतजार के दौरान आराम उपलब्ध कराने के लिए विशेष होल्डिंग एरिया तैयार किया जा रहा है.

विज्ञापन

गया जंक्शन स्थित वेटिंग हॉल के सामने तथा स्टेशन परिसर के उपयुक्त स्थानों पर बनाए जाने वाले इस होल्डिंग एरिया में एक साथ करीब 1000 श्रद्धालुओं के ठहरने और आराम करने की व्यवस्था होगी. पितृपक्ष मेले के दौरान गया जंक्शन पर देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं.

ट्रेनों के आने-जाने के समय स्टेशन पर अचानक बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे की ओर से होल्डिंग एरिया को महत्वपूर्ण सुविधा के रूप में विकसित किया जा रहा है. इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को प्लेटफॉर्म पर अनावश्यक भीड़ से बचाना और उन्हें व्यवस्थित तरीके से ट्रेन तक पहुंचाना है.

पेयजल और बिजली की रहेगी सुविधा

होल्डिंग एरिया में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, बिजली और पंखे की व्यवस्था रहेगी. लंबे समय तक ट्रेन का इंतजार करने वाले यात्रियों को बैठने और आराम करने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाएगा.

गर्मी और उमस को देखते हुए पंखों की व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक इंतजाम किए जाएंगे, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो.

ट्रेनों की मिलेगी पल-पल की जानकारी

होल्डिंग एरिया में श्रद्धालुओं को ट्रेनों के परिचालन से संबंधित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी. कौन सी ट्रेन किस प्लेटफॉर्म पर आएगी, उसके आने और रवाना होने का समय क्या है, इसकी सूचना यात्रियों को दी जाएगी. इससे श्रद्धालुओं को ट्रेन पकड़ने के लिए बार-बार प्लेटफॉर्म बदलने या इधर-उधर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

भीड़ नियंत्रण में भी मिलेगी मदद

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पितृपक्ष के दौरान गया जंक्शन पर यात्रियों की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी बढ़ जाती है.

Also Read : गया जंक्शन के पुनर्विकास का 80% काम पूरा, 30 हजार यात्रियों वाला होल्डिंग एरिया तैयार; मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य

ऐसे में होल्डिंग एरिया के माध्यम से भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी. श्रद्धालुओं को निर्धारित स्थान पर रोककर आवश्यकता के अनुसार प्लेटफॉर्म की ओर भेजा जा सकेगा. इससे स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर भीड़ का दबाव कम होगा.

यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्था

मेले के दौरान आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए रेलवे प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है, ताकि किसी भी यात्री को असुविधा का सामना न करना पड़े.

आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन