पापा ऑटो चलाते हैं, थोड़ा-बहुत रहता तो दे भी देते सर, 8400 रुपये कहां से लाएं? गया के छात्रों ने डीइओ से लगायी गुहार
गया के रामलखन सिंह यादव कॉलेज में 12वीं रजिस्ट्रेशन के नाम पर छात्रों से अवैध वसूली का मामला सामने आया है। डीईओ ने जांच के आदेश दिए हैं।
गया के रामलखन सिंह यादव कॉलेज के छात्रों ने 12वीं रजिस्ट्रेशन के लिए निर्धारित राशि से अधिक फीस लिये जाने की शिकायत की है. शुक्रवार को एक दर्जन से अधिक छात्र जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय पहुंचे. डीइओ कृष्ण मुरारी गुप्ता के कार्यालय में नहीं रहने के कारण छात्रों की उनसे मुलाकात नहीं हो सकी. इसके बाद छात्रों ने शिकायत आवेदन कार्यालय में जमा कर दिया.
शनिवार को भी शिकायत लेकर पहुंचे छात्र
शनिवार को भी दो छात्र 12वीं रजिस्ट्रेशन में अधिक फीस लिये जाने की शिकायत लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय पहुंचे. डीइओ के नहीं मिलने पर दोनों छात्र आवेदन देकर लौट गये. छात्रों का कहना है कि अधिक फीस लिये जाने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
छात्रों ने बताया, 1500 की जगह मांगे जा रहे 8400 रुपये
कुछ छात्रों ने बताया कि शिक्षा विभाग की ओर से 12वीं रजिस्ट्रेशन के लिए करीब 1500 रुपये निर्धारित किये गये हैं. इसके बावजूद कॉलेज में 8400 रुपये लिये जा रहे हैं. छात्रों ने अपनी आर्थिक परेशानी बताते हुए कहा कि उनके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है. एक छात्र ने बताया कि उसके पिता ऑटो चलाते हैं और घर में दो छोटी बहनें भी हैं, जिनकी पढ़ाई का खर्च उठाना पड़ता है. छात्रों ने कहा कि वे पढ़ने वाले विद्यार्थी हैं और इतनी अधिक राशि देना उनके लिए मुश्किल है.
प्राचार्य ने कहा, कमेटी के निर्णय के अनुसार ली जा रही फीस
इस संबंध में रामलखन सिंह यादव कॉलेज के प्राचार्य ने कहा कि संस्थान की कमेटी के निर्णय के आलोक में फीस ली जा रही है.
डीइओ ने जांच का दिया निर्देश
डीइओ कृष्ण मुरारी गुप्ता ने बताया कि छात्रों की शिकायत मिली है. शिकायत के आलोक में डीपीओ (माध्यमिक शिक्षा) को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है. रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जायेगी.
ALSO READ : Bihar Weather: झमाझम बारिश और वज्रपात पर लगा ब्रेक, IMD ने बताया आज कैसा रहेगा पूरे बिहार का मौसम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए