पितृपक्ष महासंगम से पहले गयाजी में उतरे डीएम-मेयर, हाथों में झाड़ू लेकर दिया स्वच्छता का संदेश
रोड की सफाई करते मेयर व अन्य | Prabhat Khabar Network
पितृपक्ष मेला 2026 को स्वच्छ बनाने के लिए गया में डीएम और मेयर ने स्वच्छता रैली निकाली। लोगों से प्लास्टिक मुक्त गयाजी में सहयोग की अपील की गई है।
गया जी. पितृपक्ष महासंगम 2026 को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए शनिवार को गयाजी में जन-जागरूकता अभियान चलाया गया. विष्णुपद मंदिर परिसर से स्वच्छता एवं जागरूकता रैली निकाली गयी. इसमें डीएम शशांक शुभांकर, मेयर डॉ वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान, नगर आयुक्त डॉ गगन कुमार, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य डॉ अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, वार्ड पार्षद समेत जनप्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया.
डीएम-मेयर समेत जनप्रतिनिधियों ने थामी झाड़ू
रैली के दौरान डीएम, मेयर, नगर आयुक्त, जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मियों ने खुद हाथों में झाड़ू थामकर सड़क पर सफाई की. लोगों से पितृपक्ष के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और नगर निगम के अभियान में सहयोग करने की अपील की गयी. रैली को जिला पदाधिकारी, मेयर, नगर आयुक्त और सशक्त स्थायी समिति के सदस्य ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
पंडा समाज के प्रतिनिधि और वार्ड पार्षद भी हुए शामिल
रैली में सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, वार्ड पार्षद रणधीर कुमार गौतम, पंडा समाज के प्रतिनिधि अमरनाथ धोकड़ी और नगर निगम के पदाधिकारी-कर्मी शामिल हुए. जनप्रतिनिधियों और नगर निगम के अधिकारियों ने सड़क पर उतरकर सफाई की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया.
मेला क्षेत्र में कचरा नहीं फैलाने की अपील
रैली के माध्यम से लोगों से अपील की गयी कि पितृपक्ष के दौरान मेला क्षेत्र में कचरा सड़क या खुले स्थान पर नहीं फेंकें. कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने को कहा गया. नगर निगम ने पूरे पितृपक्ष मेला क्षेत्र को नो प्लास्टिक जोन घोषित किया है. साथ ही मेला क्षेत्र में नशे के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा.
स्वच्छता में सभी की भागीदारी जरूरी : मेयर
मेयर गणेश पासवान ने कहा कि पितृपक्ष महासंगम गयाजी की पहचान और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है. श्रद्धालुओं को स्वच्छ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है. आम नागरिकों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं की भागीदारी भी जरूरी है.

प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने की अपील
मेयर ने लोगों से प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और सफाई व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की. उन्होंने स्वच्छता अभियान में आम लोगों की भागीदारी को जरूरी बताया.
जनभागीदारी से सफल होगा स्वच्छता अभियान : मोहन श्रीवास्तव
सशक्त स्थायी समिति के सदस्य मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि पितृपक्ष महासंगम में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु गयाजी पहुंचते हैं. ऐसे में शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है.
सड़क पर उतरकर दिया स्वच्छता का संदेश
मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि जिलाधिकारी, नगर निगम के जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मी खुद सड़क पर उतरकर लोगों को स्वच्छता का संदेश दे रहे हैं. जनभागीदारी से ही स्वच्छता अभियान को पूरी तरह सफल बनाया जा सकता है.
ALSO READ : पितृपक्ष से पहले प्रेतशिला पहाड़ी चकाचक होगी, मंदिर परिसर में तेज हुआ साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए