ताइवान के 14 और थाईलैंड के 2 श्रद्धालु 2022 से बोधगया मठ में कर रहे पूजा, डॉ प्रेम कुमार भी हुए शामिल
बोधगया मठ में पूजा-अर्चना करते डॉ प्रेम कुमार
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने बोधगया मठ में विदेशी श्रद्धालुओं के साथ हनुमान चालीसा और श्रीमद्भगवद्गीता पाठ में भाग लिया. ताइवान और थाईलैंड के श्रद्धालु लंबे समय से यहां पूजा-अर्चना कर रहे हैं.
बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ प्रेम कुमार ने गुरुवार की शाम को बोधगया स्थित मठ में आयोजित सामूहिक हनुमान चालीसा एवं श्रीमद्भगवद्गीता पाठ में शामिल होकर पूजा-अर्चना की.
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि बोधगया मठ की पावन भूमि पर सामूहिक पाठ में सम्मिलित होकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता और आध्यात्मिक अनुभूति हो रही है.

बोधगया केवल बिहार और भारत की आध्यात्मिक धरोहर नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए शांति, करुणा और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है.
विदेशी श्रद्धालुओं की उपस्थिति
डॉ प्रेम कुमार ने कहा कि इस आयोजन की विशेष बात यह है कि ताइवान के 14 और थाईलैंड के दो श्रद्धालु 2022 से लगातार बोधगया मठ में आकर पूजा-पाठ कर रहे हैं.
ये श्रद्धालु अपने पितरों की आत्मा की शांति, परिवार के उत्तम स्वास्थ्य तथा रोजगार एवं व्यवसाय में समृद्धि की कामना लेकर यहां आते हैं. यह भारत की उस सनातन परंपरा को दर्शाता है, जिसमें प्रार्थना समस्त मानव समाज के कल्याण के लिए की जाती है.
आध्यात्मिक महत्व व अनुभव
उन्होंने बताया कि ये श्रद्धालु वर्ष में दो बार बोधगया आते हैं. पहले वे महाबोधि मंदिर में पूजा करते थे, लेकिन 2022 से बोधगया मठ में पूजा-पाठ कर रहे हैं.

श्रद्धालुओं के अनुसार, मठ में पूजा प्रारंभ करने के बाद उनके व्यवसाय में लाभ और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है. उन्होंने कहा कि इस आयोजन को आगे बढ़ाने में स्थानीय लोग और गाइड श्रद्धालुओं को बिहार की धार्मिक परंपराओं से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं.
करुणा और अध्यात्म का संगम
डॉ कुमार ने कहा कि बोधगया में भगवान बुद्ध की करुणा और सनातन संस्कृति की आध्यात्मिक चेतना एक साथ दिखाई देती है.
हनुमान चालीसा हमें भक्ति, साहस और सेवा का संदेश देती है, जबकि श्रीमद्भगवद्गीता हमें कर्तव्य, कर्म और आत्मविश्वास का मार्ग दिखाती है. विदेशों से आए श्रद्धालुओं का यहां जुड़ना 'वसुधैव कुटुम्बकम्' की भावना का सुंदर उदाहरण है.
संत-महात्माओं का आभार प्रकट
इस अवसर पर डॉ प्रेम कुमार ने मठ के सन्यासी सत्यानंद गिरि व सभी संत-महात्माओं के प्रति आभार व्यक्त किया तथा देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं का स्वागत किया.
इस मौके पर जिलाध्यक्ष पूर्वी विजय मांझी, महामंत्री नीरज निश्चल उर्फ मुन्नीलाल, संजय कुमार सिंह, प्रेम सागर, कृष्णा साहू, वाहिद अली, सुधांशु मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
आपके शहर में
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए