गया जी : गुरुपद गिरी पर्वत पर मिला सड़ा-गला शव, 10 दिन से आ रही थी दुर्गंध; हत्या या हादसा, जांच में जुटी पुलिस

पहाड़ पर पड़ा शव | Prabhat Khabar Network
फतेहपुर के गुरपा थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध गुरुपद गिरी पर्वत पर एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से सनसनी फैल गई है, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद नीचे लाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
Gaya Ji Crime News : गया जी जिले के गुरपा थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल गुरुपद गिरी पर्वत पर रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का सड़ा-गला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई. शव पहाड़ पर लगभग 1,400 सीढ़ियों के समीप एक संकरे रास्ते में पड़ा मिला.
शव काफी पुराना होने के कारण बुरी तरह क्षत-विक्षत हो चुका था, जिससे उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो रहा है. घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल सर्किल इंस्पेक्टर ओमप्रकाश एवं गुरपा थाना प्रभारी शिवनंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. देर शाम तक कड़ी मशक्कत के बाद शव को करीब 1,500 फुट ऊंचाई से नीचे लाया गया.
इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई. पुलिस के अनुसार शव की स्थिति अत्यंत खराब होने के कारण फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है.
मृतक के शरीर पर ब्लैक रंग की फुल पैंट और क्रीम रंग की शर्ट मिली है. शुरुआत में आशंका जताई जा रही थी कि शव किसी महिला का हो सकता है, लेकिन पुलिस जांच में मृतक के शरीर पर मिले अंडरवियर से स्पष्ट हुआ कि शव किसी पुरुष का है.
दुर्गंध से हुआ खुलासा और बच्चे की नजर
गुरुपद गिरी मंदिर की देखरेख करने वाले मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि पिछले लगभग 10 दिनों से पहाड़ पर हल्की दुर्गंध आ रही थी. शुरुआत में लोगों ने समझा कि कोई जंगली जानवर मर गया होगा, लेकिन पिछले दो दिनों से दुर्गंध काफी तेज हो गई थी.
रविवार को बोतल बीनने गया एक बच्चा सीढ़ियों से करीब 150 फुट दूर एक संकरे रास्ते की ओर पहुंचा, जहां उसकी नजर सड़े-गले शव पर पड़ी. इसके बाद उसने स्थानीय लोगों को सूचना दी और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई.
हत्या, हादसा या आत्महत्या के पहलुओं पर पुलिस की जांच
शव मिलने के बाद ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. कई लोग हत्या कर शव को पहाड़ पर फेंकने की आशंका जता रहे हैं. हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा.
गुरपा थाना प्रभारी शिवनंदन कुमार ने बताया कि पुलिस हत्या, दुर्घटना, आत्महत्या समेत सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है. वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया जाएगा. शव की पहचान कराने का भी प्रयास किया जा रहा है.
श्रद्धालुओं में सुरक्षा व्यवस्था और विदेशी पर्यटकों का महत्व
गुरुपद गिरी पर्वत पर शव मिलने की घटना के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों में कुछ समय के लिए भय का माहौल देखा गया. हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील करते हुए कहा कि गुरुपद गिरी आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पूरी तरह सुनिश्चित की जाएगी और दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की कोई बाधा नहीं आने दी जाएगी.
सावन मास शुरू होते ही गुरुपद गिरी पर्वत पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाती है, जिसको देखते हुए जिला प्रशासन ने इस बार टनकुप्पा, फतेहपुर एवं गुरपा में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और होमगार्ड के जवानों सहित सुरक्षा बलों की तैनाती की है, जिससे किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.
इधर, गुरुपद गिरी पर दर्शन के लिए गया, नवादा के अलावा समस्तीपुर, दरभंगा सहित अन्य जिलों एवं झारखंड एवं उत्तर प्रदेश के पर्यटक रविवार को पहुंचे थे. प्रभात खबर प्रतिनिधि ने जब उनसे जानना चाहा कि क्या उन्हें किसी प्रकार की सुरक्षा को लेकर चिंता है, तो उन्होंने बताया कि गत वर्ष की तुलना में प्रशासन ने बेहतर व्यवस्था की है, जिससे सुरक्षा को लेकर उनके बीच कोई चिंता नहीं दिख रही है. वहीं, शव मिलने की बात पर उन्होंने कहा कि दर्शन करने में किसी तरह की परेशानी नजर नहीं आई.
गुरुपद गिरी पर्वत पर सिर्फ हिंदुओं के देवी-देवता ही नहीं हैं, बल्कि पर्वत पर भगवान बुद्ध के शिष्य महाकश्यप का स्तूप है, जिसके दर्शन के लिए विदेशी पर्यटक भी आते हैं. जापान, भूटान, चीन, तिब्बत सहित अन्य देशों के बौद्ध अनुयायी दर्शन के लिए आते हैं. हालांकि रविवार के पहले तक कभी भी उक्त पर्वत पर इस प्रकार की अप्रिय घटना नहीं घटी थी.
Also Read : कोईलवर का संगमेश्वरनाथ मंदिर : गंगा-सोन संगम पर विराजे महादेव, शिवलिंग में दिखती है गौरी-गणेश की आकृति
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










