गया कॉलेज में पीएम मोदी का लाइव संबोधन, 'नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम में युवाओं को दिया संदेश

पीएम के लाइव कार्यक्रम में शामिल एमयू के कुलपति व अन्य | Prabhat Khabar Network
गया कॉलेज में नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत कार्यक्रम का आयोजन हुआ। पीएम मोदी ने छात्रों को नशामुक्त जीवन और राष्ट्र निर्माण का संकल्प दिलाया।
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारत सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित 'नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत' कार्यक्रम का रविवार को देशभर के 125 चयनित शिक्षण संस्थानों में एक साथ आयोजन किया गया.
बिहार के चयनित कॉलेजों में शामिल गया कॉलेज में लाइव प्रसारण से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विद्यार्थियों के साथ जुड़े और नशामुक्त जीवन तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रेरणादायी संबोधन को सभी ने देखा व सुना. प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त होगा. उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ समाज को भी नशामुक्त बनाने का आह्वान किया.
अतिथियों की उपस्थिति और स्वागत
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मगध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी थे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार मंगलम, कुलानुशासक प्रो. कृष्णदेव प्रसाद वर्मा एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार उपस्थित रहे.
कार्यक्रम की अध्यक्षता गया कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने की. प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने इसे गया कॉलेज के लिए गौरवपूर्ण और ऐतिहासिक अवसर बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री का विद्यार्थियों से लाइव जुड़ना कॉलेज की शैक्षणिक एवं सामाजिक प्रतिष्ठा का प्रमाण है.
वक्ताओं के विचार और युवाओं से आह्वान
कुलसचिव प्रो. विनोद कुमार मंगलम ने युवाओं से सकारात्मक सोच, अनुशासन और राष्ट्रसेवा को जीवन का लक्ष्य बनाने की अपील की.
वहीं, कुलपति प्रो. दिलीप कुमार केसरी ने राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों से गांव-गांव और मोहल्लों में नशा मुक्ति अभियान चलाने का आह्वान किया. इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र एवं नोडल पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्र को सम्मानित भी किया.
संचालन, धन्यवाद ज्ञापन और उपस्थिति
कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश कुमार मिश्र ने किया. डॉ. पिंटू कुमार ने सभी का धन्यवाद दिया. उन्होंने प्रत्येक कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई में नशा मुक्ति सहायता केंद्र स्थापित करने का सुझाव रखा. कार्यक्रम में विश्वविद्यालय व कॉलेज के शिक्षक, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम पदाधिकारी, स्वयंसेवक, छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
Also Read : कोईलवर का संगमेश्वरनाथ मंदिर : गंगा-सोन संगम पर विराजे महादेव, शिवलिंग में दिखती है गौरी-गणेश की आकृति
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










