गयाजी में मैट्रिक के छात्र की सड़क हादसे में मौत, घर से चाउमीन खाने निकला था किशोर
परिजनों की तस्वीर
Gayaji Road Accident: गयाजी के गुरुआ थाना क्षेत्र के चई गांव में भीषण सड़क हादसे चाउमीन खाने के लिए घर से निकले 17 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत हो गई.
गुरुआ से डॉ. प्रमोद कुमार वर्मा की रिपोर्ट
Gayaji Road Accident: गयाजी के गुरुआ थाना क्षेत्र के चई गांव में भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया. चाउमीन खाने के लिए घर से निकला 17 वर्षीय मैट्रिक छात्र अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
चाउमीन खाने गया था छात्र
मिली जानकारी के अनुसार चई गांव निवासी किसान-मजदूर सुखाड़ी प्रजापति का पुत्र गोलू प्रजापति मैट्रिक का छात्र था. रविवार की रात वह बाइक से इस्माइलपुर नहर के पास चाउमीन खाने गया था. इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि गोलू गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा.
गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया
घटना की सूचना मिलते ही मंडा पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि सह भाजपा नेता मंटु कुमार (पूर्व सैनिक) मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुआ पहुंचाया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल गया रेफर कर दिया.
अस्पताल पहुंचते ही टूट गई जिंदगी की डोर
परिजन और ग्रामीण उम्मीद लगाए हुए थे कि गोलू की जान बच जाएगी, लेकिन अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद उसने दम तोड़ दिया. डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद छात्र को बचाया नहीं जा सका. बताया जाता है कि गोलू अपने परिवार में दो भाइयों में छोटा था. उसके पिता मजदूरी और खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं. बेटे की अचानक मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.
मां का रो-रोकर बुरा हाल है
घटना की खबर फैलते ही चई गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई. मंडा पंचायत की मुखिया संध्या देवी, पूर्व मुखिया लखन सिंह तथा प्रिंस कुमार सिंह ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी और घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी गई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By साक्षी कुमारी
साक्षी कुमारी को डिजिटल पत्रकारिता के क्षेत्र में 3 वर्षों का अनुभव है. पिछले तीन वर्षों से वह डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. उन्हें राजनीति, शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सरोकारों और समसामयिक मुद्दों से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग और लेखन का अनुभव है. बिहार की राजनीति और क्षेत्रीय मुद्दों पर उनकी विशेष रुचि है. डिजिटल पत्रकारिता के साथ-साथ उन्हें SEO (Search Engine Optimization) की भी अच्छी समझ है, जिससे वह पाठकों तक समय पर और प्रभावी ढंग से खबरें पहुंचाने में दक्ष हैं. तथ्यपरक, विश्वसनीय और SEO-अनुकूल समाचार तैयार करना उनकी प्रमुख कार्यशैली है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










