गया में डिलीवरी के दौरान हुई मौत के बाद एक्शन, दुर्गा हॉस्पिटल सील, जांच शुरू

Updated:
विज्ञापन

हॉस्पिटल सील करते कर्मी

खिजरसराय के दुर्गा हॉस्पिटल में प्रसूता की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया है। मामले की जांच जारी है।

विज्ञापन

बेला रोड स्थित निजी दुर्गा हॉस्पिटल को प्रसूता की मौत के मामले में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को सील कर दिया. यह कार्रवाई स्वास्थ्य सचिव और जिला पदाधिकारी के निर्देश पर की गई. साथ ही अस्पताल के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है.

इलाज के दौरान बिगड़ी थी प्रसूता की हालत

जानकारी के अनुसार, महकार थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव निवासी लालसा देवी की प्रसव के दौरान तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल से रेफर किया गया था. बाद में पटना में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल के बाहर और गांव के समीप सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था.

जांच टीम ने अस्पताल को किया सील

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य सचिव और जिलाधिकारी के निर्देश पर अंचलाधिकारी केशव किशोर, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शाहरुख खान, हेल्थ मैनेजर कृष्ण मुरारी और खिजरसराय थानाध्यक्ष गिरिधर उपाध्याय की संयुक्त टीम अस्पताल पहुंची. जांच के बाद अधिकारियों ने दुर्गा हॉस्पिटल को सील कर दिया.

दोषियों पर होगी नियमानुसार कार्रवाई

अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद अस्पताल संचालक, चिकित्सक और अन्य जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. अस्पताल सील होने के बाद पूरे क्षेत्र में मामले की चर्चा है और स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.


विज्ञापन
Amitabh Ranjan Khijarsaray

लेखक के बारे में

By Amitabh Ranjan Khijarsaray

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन