जहां कभी लगता था नक्सलियों का जन अदालत, वहां अब पहुंच रही सरकार, गया के जंगलों में बदली तस्वीर
Published by : Sakshi kumari Updated At : 20 May 2026 1:12 PM
जनसुनवाई करते अधिकारियों की तस्वीर
गया जिले के नक्सल प्रभावित इलाकों में अब विकास और सरकारी योजनाओं की नई तस्वीर देखने को मिल रही है. जिन क्षेत्रों में कभी नक्सलियों की जन अदालत लगती थी, वहां अब प्रशासन पहुंचकर आदिवासी समुदायों को स्वास्थ्य जांच, जागरूकता और सरकारी योजनाओं का लाभ दिला रहा है.
Gaya News: (रोशन कुमार) एक समय था जब नक्सलग्रस्त इलाकों में भाकपा-माओवादी संगठन खुलेआम जन अदालत लगाकर समानांतर सरकार चलाते थे. हालात ऐसे थे कि दिन के उजाले में भी पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का जाना मुश्किल माना जाता था. लेकिन अब तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है.
सुशासन और विकास ने बदली बीहड़ जंगलों की पहचान
सरकार की विकास योजनाओं और बेहतर सड़क-बिजली व्यवस्था के कारण अब गांव-गांव और बीहड़ जंगलों तक पहुंच आसान हो गई है. जिन इलाकों में कभी भय और असुरक्षा का माहौल था, वहां अब केंद्र और राज्य सरकार के अधिकारी बेखौफ होकर पहुंच रहे हैं और आदिवासी समुदायों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिला रहे हैं.
जनजातीय गौरव उत्सव 2026 का आयोजन शुरू
जनजातीय समुदायों के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति को सम्मान देने के उद्देश्य से 18 मई से 25 मई तक राष्ट्रव्यापी जनजातीय गौरव उत्सव 2026 मनाया जा रहा है. यह कार्यक्रम जनजातीय कार्य केंद्रीय मंत्रालय के निर्देश पर आयोजित किया जा रहा है. इसके तहत पीएम-जनमान और डीए-जेजीएयू जैसी फ्लैगशिप योजनाओं से जुड़े जनभागीदारी कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं.
117 आदिवासी परिवारों तक पहुंचा प्रशासन
गया जिले के फतेहपुर, इमामगंज और बांकेबाजार प्रखंड के विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समुदायों के करीब 117 परिवारों तक प्रशासन पहुंचा. इन क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच शिविर और संतृप्तिकरण अभियान चलाया गया, ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके.
गांव-गांव जाकर स्वास्थ्य जांच और जागरूकता अभियान
फतेहपुर प्रखंड के गुरपा पंचायत स्थित कठौतिया केवाल टोला, इमामगंज प्रखंड के मल्हारी पंचायत के मल्हारी टोला तथा बांकेबाजार प्रखंड के लुटुआ पंचायत के डुमरी टोला में विशेष शिविर लगाए गए. यहां आदिवासी समुदाय को योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया और स्वास्थ्य जांच भी कराई गई.
विकास मित्रों के साथ अधिकारियों ने किया संवाद
इस मौके पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अनिल कुमार, तनीषा कुमारी और राधेश्याम कुमार ने विकास मित्रों की मौजूदगी में लाभुकों से संवाद किया. लोगों को स्वास्थ्य शिविर में जांच कराने के लिए प्रेरित किया गया और डोर-टू-डोर जाकर पीएम जनमान और डीए-जेजीएयू योजनाओं की जानकारी दी गई. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न टोलों में पौधारोपण भी किया गया. अधिकारियों ने लोगों को पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण के महत्व के बारे में जानकारी दी.
Also Read: दरौली में पुलिस टीम पर हमला मामले में 5 गिरफ्तार, 4 महिलाएं भी अरेस्ट, जानिए पूरा मामला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sakshi kumari
साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में अपनी करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










