गया जी : कुख्यात कोढ़ा गैंग का पर्दाफाश, लूटी गई 6 सोने की चेन बरामद, फरार आरोपितों की संपत्ति होगी जब्त

सांकेतिक तस्वीर
Gaya Ji News : गया पुलिस ने चैन स्नैचिंग की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए एक बड़े अभियान में कुख्यात कोढ़ा गैंग का पर्दाफाश किया है. इस कार्रवाई में लूटी गई छह सोने की चेन बरामद हुई हैं. फरार आरोपियों की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है.
Gaya Ji News : गया जी शहर में लगातार बढ़ रही चैन स्नैचिंग की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत गया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. एसएसपी सुशील कुमार और सिटी एसपी अभिनव की मॉनीटरिंग में गठित एसआइटी ने कुख्यात कोढ़ा गैंग का पर्दाफाश करते हुए एक सक्रिय सदस्य कटिहार जिले के कोढ़ा थाना क्षेत्र के नया टोला-जुराबगंज निवासी सैमुअल कुमार की निशानदेही पर लूटी गयी सोने की छह चेन बरामद की है.
छापेमारी में कोढ़ा गैंग के पास से मिलीं छह सोने की चेन
गुरुवार को पुलिस ऑफिस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि जुलाई के पहले सप्ताह में गिरफ्तार सैमुअल से पूछताछ के बाद सात सदस्यीय पुलिस टीम ने कोढ़ा में लगातार छापेमारी की.
इस दौरान गिरोह के सदस्यों की पहचान कर उनके ठिकानों पर दबिश दी गयी, जहां से छह सोने की चेन बरामद हुई. बरामद चेन में कोतवाली थाना क्षेत्र के तीन कांडों की तीन चेन, टिकारी थाना क्षेत्र से लूटी गयी एक चेन, रामपुर थाना क्षेत्र से लूटी गयी एक चेन और सिविल लाइंस थाना क्षेत्र से लूटी गयी एक चेन शामिल है.
फरार आरोपियों की संपत्ति होगी जब्त, जांच अभियान रहेगा जारी
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार सैमुअल के विरुद्ध भागलपुर जिले में भी दो मामले दर्ज हैं. उन्होंने कहा कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उनकी संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है.
शहर में अपराध नियंत्रण के लिए विशेष जांच अभियान, वाहन चेकिंग और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन तलाशी आगे भी लगातार जारी रहेगी. पुलिस ने इसे चैन स्नैचिंग की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक अत्यंत महत्वपूर्ण सफलता बताया है.
Also Read : गया जी के दिघी तालाब में बनेगा आइकॉनिक ब्रिज, 3.35 करोड़ की लागत से तीन महीने में होगा सौंदर्यीकरण
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










