बिजली आपूर्ति की बदहाल व्यवस्था पर उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, डीएम को सौंपा ज्ञापन
Published by : kumarsuryakant Updated At : 16 May 2026 7:59 PM
सांकेतिक तस्वीर
Gaya News: गया के अनुमंडलीय क्षेत्र में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था, बार-बार फॉल्ट और जर्जर तारों से परेशान उपभोक्ताओं ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र सुधार की मांग की है. लोगों ने आरोप लगाया कि अनियमित आपूर्ति और ओवरलोड ट्रांसफार्मरों के कारण जनजीवन, खेती, पढ़ाई और छोटे व्यवसाय बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं. सुधार नहीं होने पर उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है.
Gaya News (विजय पांडेय): अनुमंडलीय क्षेत्र में लगातार दिन प्रतिदिन बिगड़ती बिजली व्यवस्था को लेकर आम उपभोक्ताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है बिजली की अनियमित आपूर्ति, बार-बार फॉल्ट, ओवरलोड ट्रांसफार्मर और जर्जर तारों की समस्या से परेशान लोगों ने डीएम को पत्र सौंपकर जल्द सुधार की मांग की है. साथ ही यह भी कहा है कि यदि स्थिति में शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो विवश होकर बिजली विभाग के विरुद्ध चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा.
कई घंटों तक बिजली गायब
उपभोक्ताओं का कहना है कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था बद से बदतर हो चुकी है. प्रतिदिन कई घंटों तक बिजली गायब रहती है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है. पेयजल आपूर्ति, खेती-बाड़ी एवं सिंचाई कार्य, छात्र-छात्राओं की पढ़ाई, महिलाओं के घरेलू कार्य, दुकानदारों और छोटे उद्योग-धंधों पर इसका सीधा असर पड़ रहा है.
डबल लाइन की व्यवस्था नहीं
स्थानीय लोगों ने बताया कि गर्मी और बरसात के मौसम में थोड़ी सी आंधी या बारिश होते ही घंटों बिजली बाधित हो जाती है. कई जगहों पर आज तक डबल लाइन की व्यवस्था नहीं की गई है. जहां अतिरिक्त ट्रांसफार्मर की जरूरत है वहां अब तक ट्रांसफार्मर नहीं लगाए गए हैं, जबकि कई स्थानों पर कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर ओवरलोड होकर बार-बार खराब हो जाते हैं.
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि अधिकांश जगहों पर लगे एलटी केवल तार बेहद घटिया गुणवत्ता के हैं, जो आपस में सटकर आग लगने जैसी घटनाओं को जन्म दे रहे हैं. आए दिन “फॉल्ट”, “फ्यूज उड़ने”, “शॉट लगने”, “लोड सेटिंग”, “पावर जीरो” और “सटडाउन” जैसी समस्याओं के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रहती है जो बहुत ही दुखद और चिंतनीय तथा सोचनीय विषय है. भीषण गर्मी में बिजली विभाग का यह रवैया बहुत ही दुखद है.
पावर ग्रिड रहने के बावजूद 24 घंटे बिजली नहीं
उपभोक्ताओं ने कहा कि पिछले एक वर्ष से मेंटेनेंस कार्य चलने की बात कही जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई ठोस सुधार दिखाई नहीं दे रहा है. अक्सर बिजली कुछ सेकंड के लिए आती है और फिर चली जाती है, जिससे लोग काफी परेशान हैं. लोगों ने यह भी कहा कि क्षेत्र में पावर ग्रिड रहने के बावजूद 24 घंटे नियमित बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उपभोक्ताओं ने विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है.
जिला प्रशासन को भेजे गए पत्र में सामाजिक कार्यकर्ता मो. जफर बारी अंसारी उर्फ छोटू मियां, रणजीत कुमार, रितेश कुमार उर्फ बिट्टू, पिंटू कुमार, उमेश प्रसाद, राजेश कुमार शर्मा, गौरी शंकर केशरी, लाल बाबू पासवान, प्रेम सिंह, मोनू आलम, घनश्याम कुमार, जानकी साव, लक्ष्मी चौधरी, अनिल साव, दिलीप सक्सेना, विकास कुमार, कुंदन कुमार, आनंद प्रकाश आर्य, आदित्य कुमार, मो. सकुर अंसारी, दीनानाथ यादव, मो. आशिक अली सहित कई आम नागरिकों व दुकानदारों के हस्ताक्षर अंकित हैं.
Also Read: प्रेमिका को पाने की जिद में टावर पर चढ़ा युवक, पुलिस ने सुरक्षित उतारा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










