गया जी : सैफगंज में खुला राजकीय डिग्री कॉलेज, ग्रामीण छात्रों को घर के पास मिलेगी उच्च शिक्षा

Updated:
विज्ञापन
बांकेबाजार में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का शुभारंभ, अब स्थानीय छात्रों को मिलेगी स्नातक शिक्षा की सुविधा

सैफगंज में राजकीय डिग्री महाविद्यालय का उद्घाटन | Prabhat Khabar Network

Gaya Ji News : गया जी जिले के सैफगंज में राजकीय डिग्री कॉलेज का शुभारंभ हो गया है. इस कदम से स्थानीय ग्रामीण छात्रों को अब उच्च शिक्षा के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा.

विज्ञापन

Gaya Ji News : गया जी जिले के बांकेबाजार प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, सैफगंज परिसर में बुधवार को राजकीय डिग्री महाविद्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया. इस ऐतिहासिक कार्यक्रम का भव्य उद्घाटन प्रख्यात शिक्षाविद एवं समाजसेवी इंद्रदेव प्रसाद सिंह ने किया. इस गरिमामयी मौके पर स्थानीय विधायक दीपा कुमारी उर्फ दीपा मांझी मुख्य अतिथि के रूप में विशेष रूप से उपस्थित रहीं.

कार्यक्रम में एडीएम (विधि-व्यवस्था) मोहम्मद शफीक, मगध विश्वविद्यालय के कुलसचिव विनोद कुमार मंगलम तथा जिला परिषद सदस्य कौशल कुमार सहित कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे. सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण एवं फीता काटकर महाविद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया. इस कार्यक्रम का कुशल संचालन विद्यालय की सौम्या रैना व आशा कुमारी ने किया.

अतिथियों का अंगवस्त्र व बुके देकर स्वागत

इसके बाद महाविद्यालय की नवनियुक्त प्राचार्या डॉ. रश्मि कुमारी तथा उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, सैफगंज के प्रधानाध्यापक अमित कुमार ने संयुक्त रूप से सभी आगंतुक अतिथियों का पारंपरिक अंगवस्त्र एवं बुके देकर आदरपूर्वक स्वागत किया.

अपने संबोधन में मगध विश्वविद्यालय के कुलसचिव विनोद कुमार मंगलम ने कहा कि इस महाविद्यालय के शुरू होने से क्षेत्र के तमाम छात्र-छात्राओं को अब स्नातक की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और वे अपने ही प्रखंड में रहकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे. उन्होंने कहा कि सरकार की प्रत्येक प्रखंड में डिग्री कॉलेज स्थापित करने की यह पहल अत्यंत सराहनीय है.

ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगा अवसर

कुलसचिव ने आगे कहा कि इस महत्वपूर्ण पहल से आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा का बेहतर अवसर अपने घर के पास ही मिलेगा.

इस उद्घाटन कार्यक्रम में विष्णुपद यादव, शिवशंकर सिंह, द्रौपदी देवी, रामबरन कुमार, अजमत खान, बीडीओ डॉ. उदय कुमार, कंचन कुमारी, अक्षय चंद्रवंशी, नन्दलाल चौधरी, शिक्षिका अंशिका सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध शिक्षाविद एवं भारी तादाद में स्थानीय लोग उपस्थित रहे.

Also Read : गया जी के 7 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेजों का उद्घाटन, आज से शुरू होगी पढ़ाई, जानें किन क्षेत्रों को मिला लाभ


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन