गया में ASI पर 1.20 लाख रिश्वत लेने का आरोप, SSP ने गठित की जांच टीम

गया के मुफस्सिल थाने में 1.20 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोपी एएसआइ के खिलाफ एसएसपी ने जांच टीम गठित की है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई।
Gayaji News : गया शहर के मुफस्सिल थाना में तैनात एक एएसआई पर 1.20 लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी सुशील कुमार ने जांच टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कराने का निर्देश दिया है.
जमीन खरीद-बिक्री के विवाद से जुड़ा है मामला
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामला जमीन की खरीद-बिक्री के दौरान भुगतान को लेकर उत्पन्न विवाद से जुड़ा है. आरोप है कि जमीन विक्रेता ने थाने में लिखित शिकायत देकर बिचौलिया और खरीदार पर पूरी राशि का भुगतान किए बिना जमीन की रजिस्ट्री करा लेने की शिकायत दर्ज कराई थी.
डीएसपी और थानाध्यक्ष ने सौंपी जांच रिपोर्ट
मामले की प्रारंभिक जांच डीएसपी सुनील कुमार पांडेय और मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने संयुक्त रूप से की. दोनों अधिकारियों ने अपनी जांच रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
कॉल डिटेल्स और मोबाइल लोकेशन की होगी पड़ताल
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच के दौरान पैसा देने और लेने वाले पक्षों के फोन कॉल डिटेल्स, मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच की जा रही है. साथ ही राशि के कथित लेन-देन के बाद स्थानीय थाने में दर्ज सनहा को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है.
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई
एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी. इधर, रिश्वत के आरोप सामने आने के बाद थाना परिसर में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच चर्चा का माहौल है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










