ममेरा-फुफेरा भाइयों के शव मिलने के मामले में हत्या का केस दर्ज

वार्ड 34 की पार्षद शीला देवी व उनके तीन बेटों सहित 10 लोग बने नामजद आरोपित
वार्ड 34 की पार्षद शीला देवी व उनके तीन बेटों सहित 10 लोग बने नामजद आरोपित
मुख्य संवाददाता, गया जी19 अक्तूबर की रात मगध मेडिकल थाने की पुलिस ने नैली पैक्स गोदाम के पास बने गड्ढे से दो युवकों का शव बरामद किया था. दोनों युवकों की पहचान रामपुर थाना क्षेत्र के गेवाल बिगहा पुलिस लाइन मुहल्ले के रहनेवाले चंदू यादव के बेटे 28 वर्षीय विशाल राज व उसके फुफेरे भाई गेवाल बिगहा मुहल्ले के रहनेवाले यश राज के रूप में किया गया था. हालांकि, शवों की पहचान होने के बाद 19 अक्तूबर की रात करीब 10 बजे परिजनों ने मगध मेडिकल अस्पताल के पास मेन रोड को जाम कर दिया था. करीब आधा घंटे तक वहां नारेबाजी करने के बाद परिजनों ने दोनों शवों को लेकर सिकरिया मोड़ के पास चले गये और वहां करीब एक घंटा सड़क जाम रखा था. तब वहां पहुंचे सिटी डीएसपी धर्मेंद्र भारती, रामपुर थानाध्यक्ष दिनेश बहादुर सिंह व मगध मेडिकल थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार के सलाह पर उग्र परिजनों ने सड़क जाम हटाया था और परिजनों की मांग पर मगध मेडिकल थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गयी. इस मामले को लेकर विशाल राज के पिता चंदू यादव के बयान पर मगध मेडिकल थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इसमें रामपुर थाना क्षेत्र के गेवालबिगहा मुहल्ले की रहनेवाले वार्ड पार्षद शीला देवी व उनके बेटे ओम यादव, भीम यादव व नीरज यादव, अर्जुन यादव व उनके बेटे अभिमन्यु कुमार उर्फ मुन्ना यादव, डेल्हा थाने खरखुरा मुहल्ले के रहनेवाले सोनू यादव व उनके भाई मोनू यादव, चंदौती थाने के कंडी-नंदपुरी कॉलोनी के रहनेवाले बिरजू यादव व उनके भाई विशाल यादव और डेल्हा थाने के खरखुरा मुहल्ले के रहनेवाले मनोज यादव को नामजद आरोपित बनाया गया है.
घटनास्थल ने नहीं मिला बाइक, मोबाइल फोन व सोने का चेन
अपने एफआइआर में पीड़ित चंदू यादव ने बताया है कि कई महीनों से उनकी लड़ाई भीम यादव, ओम यादव, नीरज यादव, शीला देवी, अर्जुन यादव, मुन्ना उर्फ अभिमन्यु यादव से चल रही है. इस मामले में रामपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई है. इस केस में सुलह करने को लेकर उक्त लोग धमकी दे रहे थे कि अगर सुलह नहीं करोंगे तो बाल-बच्चे से हाथ धो बैठोगे. इसी दौरान 19 अक्तूबर को उनका बेटा विशाल राज व भगिना यश राज अपनी बाइक से दीपावली का सामान लेने घर से निकला था. रास्ते में पता नहीं किस स्थान से अपहरण कर दोनों को ले जाकर हत्या कर दी. उन्हें मगध मेडिकल थाने की पुलिस जानकारी मिली और बाद में पता चला कि उक्त लोगों ने झुंड बना कर पानी में डूबा कर उनकी हत्या कर दी और शवों को नैली पैक्स गोदाम के पीछे फेंक दिया. साथ ही पीड़ित पिता ने बताया है कि घटनास्थल से उनके बेटे का बाइक, मोबाइल फोन व सोने का चेन नहीं मिला है. उनके बेटे के मोबाइल फोन में दो-दो सिम लगा है.एसएसपी ने गठित किया विशेष टीम
इधर, नैली गांव के पास से मिले दोनों युवकों के शव के मामले में एसएसपी आनंद कुमार ने एक्शन लिया और इस मामले में उच्चस्तरीय जांच को लेकर डीएसपी रविप्रकाश सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया है. इस विशेष टीम में मगध मेडिकल थानाध्यक्ष व मगध मेडिकल थाने के दारोगा सहित टेक्निकल सेल के पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया है. इधर, विशेष टीम ने विशाल व यश राज के मोबाइल फोन का कॉल डिटेल रेकॉर्ड-सीडीआर व सभी आरोपितों को सीडीआर निकालना शुरू कर दिया है, ताकि विशेष टीम के कई सवालों का जवाब मिल सके.क्या कहते हैं एसएसपी
इधर, एसएसपी ने बताया है कि घटना से संबंधित आवश्यक साक्ष्य एकत्रित एफएसएल व टेक्निकल सेल के पुलिस पदाधिकारियों को घटनास्थल पर भेजा गया है. इस मामले की जांच को लेकर विशेष टीम का गठन किया गया है. जल्द ही मामले को सुलझा लिया जायेगा.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




