गया : मुखिया और सरपंच बतायेंगे, कहां हाे रही उनके इलाके में अफीम की खेती

गया : जिले में अफीम, गांजा व अन्य मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन पर रोकथाम व विनष्टीकरण की समीक्षा बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में की गयी. डीएम अभिषेक सिंह ने उप महानिदेशक मुख्यालय नयी दिल्ली बी. राधिका को पुष्पगुच्छ देकर उनका हार्दिक स्वागत किया. इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने भी पुष्पगुच्छ देकर उनका […]
गया : जिले में अफीम, गांजा व अन्य मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन पर रोकथाम व विनष्टीकरण की समीक्षा बैठक समाहरणालय सभाकक्ष में की गयी.
डीएम अभिषेक सिंह ने उप महानिदेशक मुख्यालय नयी दिल्ली बी. राधिका को पुष्पगुच्छ देकर उनका हार्दिक स्वागत किया. इसके बाद वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने भी पुष्पगुच्छ देकर उनका हार्दिक स्वागत किया. बैठक में एसएसपी राजीव मिश्रा ने मौजूद अनुमंडल पदाधिकारी व पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि ट्रेडिशनल तरीके से अफीम की खेती को बर्बाद किया जाये. अफीम की खेती जहां होती पायी जाये, उसे त्वरित नष्ट करें. उन्होंने बताया कि एक्शन प्लान के तहत बहुत से मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है.
अफीम की खेती से संबंधित विनष्टीकरण की कार्रवाई पर चर्चा के दौरान कहा कि गया के बाराचट्टी व मोहनपुर थानाें के पंचायतों में पड़ने वाले अफीम की खेती की अनुमानित 400 एकड़ का विनष्टीकरण शत-प्रतिशत किया जाये. अफीम खेती के स्थलों को पूर्ण रूप से चिह्नित करें कि कितना भाग वन विभाग का है, कितना रैयती है और इसमें संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी जाये.
साथ ही स्थानीय एवं पंचायत स्तर पर मुखिया, सरपंच व जीविका द्वारा लिखित जानकारी ली जाये कि उनके क्षेत्र में अफीम की खेती है या नहीं. खेती में प्रयुक्त होने वाले खाद दुकान, पंप सेट, ट्रैक्टर इन सभी चीजों पर फॉरेस्ट विभाग व पुलिस पदाधिकारी विशेष चौकसी बरतें. खेती करने के पहले इन सब चीजों की विशेष जरूरत पड़ती है.
डीएम ने संबंधित अंचलाधिकारी को अफीम की खेती की जाने वाले रैयती जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया और उस रैयती भूमि को कृषि विभाग को सौंपने का निर्देश दिया, ताकि, उस भूमि पर खेती की जा सके. मलवाचट्टी से बाराचट्टी के बीच नारकोटिक्स द्वारा बताया गया कि खुले हुए ढाबों में ट्रक या छोटे वाहन खड़े रहते हैं. उससे जो अफीम गांजा ढोया जाता है, उस पर नजर रखने का निर्देश पुलिस पदाधिकारी को दिया गया. साथ ही एनडीपी एक्ट के अंतर्गत पकड़े गये गांजा व अन्य मादक पदार्थों को कोर्ट से सत्यापन के पश्चात प्री ट्रायल जब्त एनडीपीएस पदार्थ का विनष्टिकरण आदेश प्राप्त कर यथाशीघ्र विनष्टिकरण कराया जाये.
डीएम अभिषेक सिंह द्वारा बताया गया कि जिले के संबंधित विनष्टिकरण टीम को निर्देश दिया गया कि अफीम की खेती का विनष्टिकरण 31 मार्च के पूर्व सुनिश्चित करा लिया जाये और जितने क्षेत्र में अफीम की खेती की गयी है उसका शत-प्रतिशत विनष्टीकरण हो और खेती करने वाले संबंधित व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध लीगल एक्शन लिया जाये. एसएसपी ने बताया कि 207 एकड़ अफीम की खेती का विनष्टिकरण किया जा चुका है. बाराचट्टी व मोहनपुर थाने के सटे चतरा जिले में भी अफीम की खेती के विनष्टिकरण के लिए समुचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
बैठक में मौजूद उप महानिदेशक मुख्यालय, नयी दिल्ली बी राधिका, वरीय पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा, नारकोटिक्स कंट्रोल पटना के क्षेत्रीय निदेशक टीएन सिंह, वन प्रमंडल पदाधिकारी, 159 वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के पदाधिकारी, सशस्त्र सीमा बल के पदाधिकारी, अपर समाहर्ता विभागीय जांच, सहायक आयुक्त उत्पाद गया, अपर पुलिस अधीक्षक अभियान गया, चतरा जिले के कार्यपालक दंडाधिकारी विपिन कुमार दुबे, चतरा ज़िले के पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी शेरघाटी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शेरघाटी, पुलिस उपाधीक्षक विशेष शाखा, जिला कृषि पदाधिकारी के प्रतिनिधि, प्रखंड विकास पदाधिकारी बाराचट्टी, अंचलाधिकारी बाराचट्टी व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




