गया जी में CM सम्राट चौधरी का ऐलान, 15 जुलाई से बिहार में शुरू होंगे 213 नए डिग्री कॉलेज

Updated:
विज्ञापन
लोकतंत्र की सफलता जनप्रतिनिधियों की क्षमता, जवाबदेही और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता पर निर्भर :सम्राट चौधरी

CM Samrat Choudhary in Gaya Ji : बिहार के विधायकों के लिए बिपार्ड, गया में आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का उपराष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया. मुख्यमंत्री ने सक्षम विधायक और सशक्त विधानसभा को समृद्ध बिहार की आधारशिला बताया.

विज्ञापन

CM Samrat Choudhary in Gaya Ji : बिहार विधानसभा के सदस्यों के लिए बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड), गया जी में आयोजित दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम का शुभारंभ उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सय्यद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह तथा उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. कार्यक्रम का आयोजन बिपार्ड, प्राइड (लोकसभा) व बिहार विधानसभा सचिवालय के संयुक्त तत्वावधान में किया गया.

सक्षम विधायक और समृद्ध बिहार

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सक्षम विधायक और सशक्त विधानसभा ही समृद्ध बिहार की आधारशिला है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की सफलता जनप्रतिनिधियों की क्षमता, जवाबदेही और जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर निर्भर करती है. जनता ने विधायकों को अपनी आवाज बनाकर विधानसभा में भेजा है, इसलिए जनहित से जुड़े मुद्दों को पूरी तैयारी, तथ्यों और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ सदन में उठाना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है.

Image

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में सत्ता और विपक्ष दोनों की समान रूप से महत्वपूर्ण भूमिका है. स्वस्थ संवाद, सार्थक विमर्श और जनहित को सर्वोपरि रखने की भावना ही विधानसभा की गरिमा बढ़ाती है और राज्य के विकास को नयी गति देती है. उन्होंने विधायकों से विधानसभा की कार्यप्रणाली, नियमों एवं संसदीय परंपराओं का गहन अध्ययन करने तथा विधानसभा सत्र के दौरान अधिक से अधिक समय सदन को देने का आग्रह किया.

आधुनिक तकनीक और विकास पर जोर

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों को मिलकर कार्य करना होगा. साथ ही उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भूमिका पर भी जोर दिया. इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विधानसभा की कार्यप्रणाली को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ) सहित नयी तकनीकों के उपयोग पर बल दिया. उन्होंने कहा कि पीपीपी मॉडल के माध्यम से बस स्टैंड, टाउनशिप व अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं को गति देकर विकास को नयी दिशा दी जा रही है.

213 नए डिग्री कॉलेजों की घोषणा

शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि 15 जुलाई से बिहार के विभिन्न प्रखंडों में 213 नए डिग्री कॉलेजों की शुरुआत होगी. उन्होंने इसे उच्च शिक्षा के विस्तार, युवाओं को अपने क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने तथा समृद्ध बिहार के निर्माण की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया. मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि गया में आयोजित यह दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम नवनिर्वाचित विधायकों को संसदीय परंपराओं, विधायी दायित्वों व जनसेवा की भावना को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण मार्गदर्शन देगा. यह आयोजन एक सक्षम विधायक, सशक्त विधानसभा और समृद्ध बिहार के निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा.

Image

यादगार समूह फोटो और उपस्थिति

उद्घाटन सत्र के बाद उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सय्यद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्रिमंडल के सदस्य व विधायकों ने संयुक्त रूप से समूह फोटो भी खिंचवाई, जो यादगार बना. इस कार्यक्रम में बिहार विधानसभा के उपाध्यक्ष नरेन्द्र नारायण यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, बिपार्ड के महानिदेशक डॉ. बी राजेंद्र, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, मगध प्रमंडल की आयुक्त डॉ. सफीना एएन, मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव, गया के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.

Also Read : बिपार्ड में आज से विधायकों का दो दिवसीय प्रबोधन कार्यक्रम, उपराष्ट्रपति के आगमन को लेकर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था




विज्ञापन
Haribansh Kumar

लेखक के बारे में

By Haribansh Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन