Gaya Ji News : डोभी-चतरा रोड पर उत्पाद विभाग की कार्रवाई पर सवाल, पीछा करने के दौरान बिजली पोल से टकराई गाड़ी

डोभी-चतरा मार्ग पर उत्पाद विभाग की कार प्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. आरोप है कि वाहनों का पीछा करने के दौरान दुर्घटनाएं हो रही हैं और बिजली पोल भी क्षतिग्रस्त हो रहे हैं. स्थानीय लोगों में गहरा असंतोष व्याप्त है.
Gaya Ji News : डोभी-चतरा मुख्य मार्ग पर धिरजा पुल के समीप उत्पाद विभाग की अस्थायी चौकी पर तैनात अधिकारियों और वहां कार्य में लगे प्राइवेट वाहन चालक को लेकर लगातार विवाद की स्थिति बनी हुई है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि चौकी पर तैनात टीम जांच के नाम पर डोभी-चतरा रोड से गुजरने वाले वाहनों को बार-बार रोकती है और शक के आधार पर पीछा करने के दौरान दुर्घटना की नौबत तक आ जाती है.
बताया जाता है कि उत्पाद विभाग की टीम जिस लाल रंग के सूमो जैसे वाहन का उपयोग करती है, उस पर विभाग का बोर्ड लगा रहता है, जबकि वाहन चलाने वाला प्राइवेट चालक खुद को टीम का चालक बताकर कार्रवाई में शामिल रहता है. आरोप है कि जांच के दौरान कई बार छोटे वाहनों को चकमा देकर रोकने की कोशिश में हादसे हो चुके हैं.
पीछा करने के दौरान हुए हादसे
बहेरा थाना क्षेत्र के वंशी मोड़ के समीप एक बाइक का पीछा करने के दौरान दो बाइक आपस में टकरा गई थीं, जिससे एक बाइक चालक की मृत्यु हुई थी. कोठवारा देवी मंडप के पास भी इसी तरह के चकमे से बाइक सवार गिरकर घायल हो गए थे. बहेरा गांव में शक के आधार पर एक बाइक का पीछा करते हुए टीम गांव तक पहुंची थी, जहां एक स्थानीय व्यक्ति को पकड़कर उससे कहासुनी हुई थी और इसका वीडियो वायरल हुआ था. इन घटनाओं को लेकर क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा और विभाग की कार्यप्रणाली के प्रति गहरा असंतोष और आक्रोश व्याप्त है.
गाड़ी की टक्कर से पोल क्षतिग्रस्त
शनिवार को भी इसी वाहन से संदिग्ध व्यक्ति का पीछा करते हुए बहेरा गांव जाने वाली लिंक रोड किनारे लगे बिजली के पोल में वाहन की टक्कर हो गई. टक्कर से पोल क्षतिग्रस्त हो गया और बहेरा गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वाहन और चालक को मौके पर रोक लिया. बाद में उत्पाद विभाग के अस्थायी चौकी प्रभारी द्वारा क्षतिग्रस्त पोल हटवाकर नया पोल लगाने का आश्वासन दिए जाने पर ग्रामीणों ने वाहन चालक को छोड़ दिया.
Also Read : गया जी में गुरुकुल खोलने की तैयारी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने अधिकारियों को दिए निर्देश
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










