काम से घर लौट रहे युवक की हत्या

Published at :13 Jun 2018 9:50 AM (IST)
विज्ञापन
काम से घर लौट रहे युवक की हत्या

काम से घर लौट रहे एक युवक की सोमवार की शाम गोली मार कर हत्या कर दी गयी. युवक का शव गुलनी गांव के बधार से बरामद किया गया. इस मामले में मेडिकल थाने की पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. परिजनों ने मामले में अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज […]

विज्ञापन
काम से घर लौट रहे एक युवक की सोमवार की शाम गोली मार कर हत्या कर दी गयी. युवक का शव गुलनी गांव के बधार से बरामद किया गया. इस मामले में मेडिकल थाने की पुलिस दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. परिजनों ने मामले में अज्ञात लोगों पर मुकदमा दर्ज कराया है.
जानकारी के अनुसार, गुलनी गांव के रहनेवाले गोपाल पंडित के 26 वर्षीय बेटे संतोष कुमार सोमवार की सुबह घर से काम के लिए निकला था, लेकिन रात में घर नहीं लौटा. परिजनों ने संतोष के मोबाइल पर फोन किया तो रिंग होने के बावजूद किसी ने नहीं उठाया. सुबह गांव की ही कुछ महिलाएं शौच के लिए नदी की ओर बधार में गयी, तो देखा कि संतोष वहां मृत पड़ा है. वहीं पर उसका मोबाइल फोन व बाइक भी है. इसके बाद महिलाओं ने गांव में आकर इस बात की जानकारी दी.
गांव के लोगों ने बधार पहुंच कर घटना की सूचना मेडिकल थाने को दी. इसके बाद पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया. सूत्रों का कहना है कि संतोष व उसके साथियों के बीच करमा टिकर गांव की किसी लड़की से प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद भी था, जिससे उसके साथियों पर भी हत्या की आशंका जतायी जा रही है. उसके घर लौटने के दौरान रात में अकेला पर अपराधियों ने उसे गोली मार दी.
करमा टिकर गांव के लोगों पर शक
गुलनी गांव के लोगों ने बताया कि करमा टिकर गांव के कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों पर हत्या करने का शक हो रहा है. पहले भी गुलनी गांव के लोगों पर करमा टिकर हरिजन टोला के लोग दबाव बनाने के लिए अपनी दबंगता दिखाते रहे हैं. छोटी-छोटी बात पर मारने को उतारू रहते हैं.
सूत्रों का कहना है कि संतोष शराब का आदि था. काम से लौटने के क्रम में दोस्तों के साथ शराब पीने करमा टिकर गया था. वहां पर ही अापस में किसी बात को लेकर झंझट हुआ. बाद में गांव से लौटने के क्रम में संतोष को गोली मार कर हत्या कर दी गयी. शराब पीने के लिए संतोष के साथ रेहुआ के दो लोगों के जाने की बात सामने आ रही है. लोगों ने बताया कि सोमवार की रात करीब नौ बजे बधार से गोली चलने की आवाज भी आयी. गांव में किसी ने इस आवाज पर ध्यान नहीं दिया. लोगों ने बताया कि गोली मारने व संतोष के गिरे रहने से साफ हो जाता है कि संतोष की बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति ने ही संतोष की कनपट्टी पर गोली मारी और उसकी मौत हो गयी.
परिजनों का रो-रो कर हाल बुरा
संतोष की मौत की खबर पहुंचते ही गुलनी गांव में कोहराम मच गया. संतोष अपने परिवार का लालन-पालन राज मिस्त्री का काम करके करता था. उसे पांच वर्ष का बेटा शुभम व तीन वर्ष की बेटी श्रुति है. पत्नी को लोग सांत्वना देने में लगे थे. बार-बार पत्नी बेसुध हो रही थी. इधर, मेडिकल थाना पहुंचे संतोष के पिता गोपाल पंडित का हाल बुरा था. वे कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं दिख रहे थे. गोपाल पंडित ने सिर्फ इतना ही कहा कि हमारे लाल को किसी ने छीन लिया है. अब उसके छोटे-छोटे बच्चे को कौन पालेगा. संतोष की मौत की खबर गांव में जिसको मिली वह मगध मेडिकल अस्पताल व थाने में पहुंच कर हत्या के कारण का कयास लगाते दिखे.
क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी
डीएसपी संजीत कुमार प्रभात ने बताया कि गुलनी में युवक की हत्या के मामले में अब तक कारण स्पष्ट नहीं हो पाये हैं. कई तरह की बात खुल कर सामने आ रही है. उन्होंने बताया कि पुलिस सारी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर लिया जायेगा. इधर, मेडिकल थानाध्यक्ष लाल बिहारी पासवान ने बताया कि युवक की गोली मार कर हत्या की गयी है. उसकी पहचान गुलनी गांव के संतोष कुमार के रूप में हुई है. परिजनों ने अब तक किसी पर हत्या का शक जाहिर नहीं किया है. पुलिस मामले में दो लोगों को शक के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन