Education update: सीइटी-बीएड: बिहार के 11 शहरों में 7 जून परीक्षा, डिजिटल सेंधमारी रोकने को 164 केंद्रों पर लगे जैमर, सुरक्षा में 60 मजिस्ट्रेट तैनात

Published by : SUMIT KUMAR Updated At : 05 Jun 2026 8:43 PM

विज्ञापन

डिजिटल सेंधमारी रोकने को 164 केंद्रों पर लगे जैमर

Education update: बिहार में 7 जून 180 केंद्रों पर सीइटी-बीएड 2026 परीक्षा आयोजित हो रही है. डिजिटल धोखाधड़ी रोकने के लिए 164 केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं. परीक्षा के लिए सख्त ड्रेस कोड लागू है और जूते-मोजे व घड़ी पहनने पर पूरी तरह रोक है.पढ़े पूरी खबर...

विज्ञापन

मुजफ्फरपुर से ललितांशु की रिपोर्ट

Education update: बिहार के दो वर्षीय बीएड कॉलेजों में नामांकन के लिए रविवार, 7 जून को होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीइटी-बीएड 2026) की प्रशासनिक और अकादमिक तैयारियां पूरी कर ली गई है. इस बार राज्य के 16 भागीदार विश्वविद्यालयों के तहत आने वाले बीएड संस्थानों की सीटों के लिए कुल 1,23,237 अभ्यर्थी भाग्य आजमाएंगे. परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त और पारदर्शी माहौल में संपन्न कराने के लिए इस बार सुरक्षा के हाइ-टेक इंतजाम किए गए है. इस वर्ष के आंकड़ों पर गौर करें तो बीएड कोर्स के प्रति महिलाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है. परीक्षा के लिए पंजीकृत कुल अभ्यर्थियों में महिला परीक्षार्थियों की संख्या पुरुषों से काफी अधिक है. इस साल 77,263 महिला और 45,970 पुरुष अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है. परीक्षार्थियों की भारी तादाद को देखते हुए सुबह से ही केंद्रों पर विशेष चौकसी बरती जाएगी. नोडल विश्वविद्यालय, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी दी.


मुजफ्फरपुर में 26 सहित सूबे में कुल 180 परीक्षा केंद्र

परीक्षार्थियों की सहूलियत और बेहतर प्रबंधन के लिए राज्य के 11 प्रमुख शहरों में कुल 180 परीक्षा केंद्र बनाए गए है. इसमें अकेले मुजफ्फरपुर जिला क्षेत्र में 26 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए है, जहां परीक्षार्थियों की बड़ी संख्या परीक्षा देगी. परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू रहेगी और अनधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक होगी.


ब्लूटूथ और मोबाइल चोरी पर ब्रेक

परीक्षा में किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक या डिजिटल धोखाधड़ी को रोकने के लिए प्रशासन ने मुस्तैदी दिखाई है. राज्य के 164 परीक्षा केंद्रों पर हाइ-टेक जैमर लगाए जा चुके हैं, जिससे परीक्षा हॉल के भीतर कोई भी मोबाइल नेटवर्क, इंटरनेट या ब्लूटूथ डिवाइस काम नहीं कर सकेगा. इसके साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए 60 मजिस्ट्रेट सह को-ऑर्डिनेटिंग ऑब्जर्वर तैनात किए गए है.


त्रि-स्तरीय निगरानी तंत्र मुस्तैद, कुलपति बोले- गड़बड़ी पर जीरो टॉलरेंस

नोडल विश्वविद्यालय, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र राय ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा पूरी तरह से निष्पक्ष और न्यूट्रल होगी. कदाचार करने या कराने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी. परीक्षा की शुचिता के लिए त्रि-स्तरीय निगरानी तंत्र बनाया गया है.

  • राजभवन पर्यवेक्षक, सभी 11 शहरों में गतिविधियों पर नजर रखने के लिए राजभवन से 11 विशेष पर्यवेक्षक मुस्तैद रहेंगे
  • विश्वविद्यालय पर्यवेक्षक, बेहतर समन्वय के लिए केंद्रों पर 180 विश्वविद्यालय पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए है.
  • उड़नदस्ता, परीक्षा केंद्रों के औचक निरीक्षण और चोरी रोकने के लिए 120 फ्लाइंग स्क्वाड लगातार गश्त करेंगे


जूते-मोजे और बेल्ट पहनकर जाने पर रोक


रविवार को होने वाली सीइटी-बीएड प्रवेश परीक्षा को लेकर नोडल विश्वविद्यालय ने परीक्षार्थियों के लिए सख्त ड्रेस कोड और गाइडलाइन जारी की है. अभ्यर्थियों को जूते-मोजे, बेल्ट, टोपी, स्कार्फ और गमछा पहनकर केंद्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. इसके अलावा, परीक्षार्थी पूरी आस्तीन (फुल स्लीव्स) के कपड़े पहनकर भी परीक्षा नहीं दे सकेंगे. प्रशासन ने परीक्षार्थियों को सलाह दी है कि वे चप्पल या सैंडल और हाफ स्लीव्स के सामान्य कपड़े पहनकर ही केंद्रों पर पहुंचें, ताकि चेकिंग के दौरान किसी भी असहज स्थिति से बचा जा सके. वहीं परीक्षा हॉल में मोबाइल, स्मार्टफोन, ब्लूटूथ डिवाइस, लैपटॉप और कैलकुलेटर के साथ-साथ किसी भी प्रकार की घड़ी (चाहे वह डिजिटल हो या साधारण एनलॉग घड़ी) ले जाने पर पूरी तरह रोक है. इसके अलावा पर्स, पेंसिल बॉक्स, व्हाइटनर, इरेजर, ब्लेड और मास्क भी प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची में शामिल है.

केंद्र के भीतर केवल ये सामग्री ले जा सकेंगे परीक्षार्थी
परीक्षा का प्रवेश पत्र

  • पासपोर्ट साइज की रंगीन फोटो
  • फोटो युक्त पहचान पत्र (जैसे- आधार कार्ड, वोटर आईडी)
  • काला या नीला बॉलपेन
  • पारदर्शी पानी की बोतल
विज्ञापन
SUMIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन