Darbhanga :बेलगाम कार ने कमलपुर में किशोरी को कुचला, घटनास्थल पर ही मौत

पघारी पंचायत के सनखेरहा कमलपुर गांव में शनिवार को अज्ञात वाहन की ठोकर से 13 वर्षीया किशोरी की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी.
आक्रोशित लोगों ने जाम कर दी सड़क, तीन घंटे बाधित रहा आवागमन Darbhanga : बहेड़ी. पघारी पंचायत के सनखेरहा कमलपुर गांव में शनिवार को अज्ञात वाहन की ठोकर से 13 वर्षीया किशोरी की मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. उसकी पहचान बहादुरपुर थाना क्षेत्र के टीकापट्टी निवासी अमर सदा व मंजुला देवी की पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में हुई. वह अपनी मां व भाई-बहनों के साथ अपनी नानी कमलपुर निवासी रेबनी देवी के यहां रहती थी. वह सड़क किनारे जा रही थी, इसी दौरान कमलपुर महादलित टोला के समीप बहेड़ी की ओर से तेज गति से आ रही अज्ञात कार ने उसे ठोकर मार दी, जिससे उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गयी. घटना के बाद वहां लोगों की भीड़ जमा हो गयी. स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना थानाध्यक्ष को दी. थानाध्यक्ष वरुण कुमार गोस्वामी सदल-बल घटनास्थल पर पहुंचे. इधर प्रीति की मौत की खबर मिलते ही उसकी मां, नानी, भाई सुमन कुमार, बहन राखी कुमारी व प्रियंका कुमारी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतका के पिता अमर सदा पंजाब में मजदूरी करते हैं. इधर, आक्रोशित परिजनों ने सड़क जामकर दिया. वाहन चालक की गिरफ्तारी व सरकारी मुआवजा की मांग करने लगे. थानाध्यक्ष समेत पूर्व सरपंच निकट नारायण पासवान आदि ने लोगों को समझाकर करीब तीन घंटे बाद सड़क जाम हटवाया. पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




