Kusheshwarsthan News: दिनमो गांव में भीषण अगलगी, चार घर जलकर राख, लाखों की संपत्ति स्वाहा

दिन में अगलगी की घटना में धू धू कर जलते घर
कुशेश्वरस्थान के दिनमो गांव में भीषण अगलगी की घटना में चार घर पूरी तरह जल गए। शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई आग ने लाखों की संपत्ति को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कई परिवार बेघर हो गए।
Kusheshwarsthan News: कुशेश्वरस्थान अंचल क्षेत्र के दिनमो गांव में शनिवार देर रात भीषण अगलगी की घटना में चार घर जलकर पूरी तरह राख हो गए. आग में अन्न, वस्त्र, नकदी और महत्वपूर्ण कागजात सहित लाखों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई. घटना के बाद प्रभावित परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है.
शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने लिया विकराल रूप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब एक बजे पप्पू यादव के घर में बिजली की शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारी के कारण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास स्थित अर्जुन यादव, वकील यादव तथा नीतीश यादव के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया. कुछ ही देर में चारों घर धू-धू कर जलने लगे.
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
आग की तेज लपटें देखकर गृहस्वामियों की नींद खुली और उन्होंने शोर मचाया. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और डोल-बाल्टी के सहारे आग बुझाने में जुट गए. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया.
इस दौरान आग पड़ोसी शंभू यादव के घर तक भी पहुंच गई थी, लेकिन ग्रामीणों की तत्परता से उसे जलने से बचा लिया गया.
अन्न, वस्त्र, नकदी और जरूरी कागजात जलकर राख
अगलगी की घटना में पप्पू यादव, अर्जुन यादव, वकील यादव और नीतीश यादव के घरों में रखा अन्न, वस्त्र, नकदी तथा अन्य घरेलू सामान पूरी तरह जल गया. आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार के सदस्य कोई सामान बाहर नहीं निकाल सके और जान बचाकर घर से बाहर भागे.
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अग्निकांड में करीब 5 से 6 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है.
प्रशासन ने शुरू कराया क्षति का आकलन
घटना की सूचना मिलने पर देर रात अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शेष आग को पूरी तरह बुझाया. अंचल अधिकारी (सीओ) राकेश सिंह यादव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि राजस्व कर्मचारी को घटनास्थल पर भेजकर क्षति का आकलन कराया जा रहा है. प्रभावित परिवारों को आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के अनुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुधीर कुमार चौधरी
सुधीर कुमार चौधरी 17 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. सामाजिक, राजनीतिक, अपराध व धर्म-संस्कृति जैसे विषयों पर इनकी पैनी नजर रहती है और वे इन बीट्स पर सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










