CWG 2026: रिशिकांत सिंह ने भारत को दिलाया सिल्वर मेडल, पुरुष 60 किग्रा वर्ग में स्नैच में बनाया नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड
रिशिकांत सिंह (फोटो—एक्स)
भारत के स्टार वेटलिफ्टर चनाम्बम रिशिकांत सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के 60 किग्रा भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता है. उन्होंने स्नैच में नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड भी स्थापित किया.
CWG GLASGOW 2026: भारत के स्टार वेटलिफ्टर चनाम्बम रिशिकांत सिंह ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 60 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक अपने नाम किया. ग्लासगो में खेले गए इस मुकाबले में रिशिकांत ने कुल 264 किलोग्राम (121 किग्रा स्नैच + 143 किग्रा क्लीन एंड जर्क) वजन उठाकर भारत को खेलों का दूसरा पदक दिलाया. इससे पहले पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने कांस्य पदक जीता था.
करियर का रहा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
रिशिकांत ने प्रतियोगिता की शुरुआत दमदार अंदाज में की. उन्होंने स्नैच में 116 किग्रा और 119 किग्रा सफलतापूर्वक उठाने के बाद तीसरे प्रयास में 121 किलोग्राम वजन उठाकर नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बना दिया. यह उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा. हालांकि मलेशिया के मोहम्मद अनीक बिन कसदान ने भी 121 किग्रा उठाकर बराबरी कर ली. इस उपलब्धि पर डॉ. मनसुख मांडविया ने एक्स पर पोस्ट कर उन्हें बधाई दी है.
पहले प्रयास में 143 किग्रा
इसके बाद मुकाबला क्लीन एंड जर्क में पहुंचा. रिशिकांत ने पहले प्रयास में 143 किग्रा सफलतापूर्वक उठाया, लेकिन 148 किग्रा और फिर आखिरी प्रयास में 151 किग्रा वजन उठाने में असफल रहे. दूसरी ओर अनीक ने 149 किग्रा वजन उठाकर कुल 273 किलोग्राम के साथ नया कॉमनवेल्थ गेम्स रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक जीत लिया. केन्या के जोशुआ अमुंगा म्बोया ने 260 किलोग्राम के साथ कांस्य पदक हासिल किया.
2025 में किया था क्वालिफाई
मणिपुर के इंफाल से ताल्लुक रखने वाले रिशिकांत सिंह भारतीय सेना के खेल कार्यक्रम के तहत तैयार हुए हैं. उन्होंने 2025 कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर ग्लासगो खेलों के लिए क्वालिफाई किया था. उस प्रतियोगिता में उन्होंने 271 किलोग्राम कुल वजन उठाकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाया था. हालांकि इस बार वह स्वर्ण पदक से चूक गए, लेकिन रिकॉर्डतोड़ स्नैच और रजत पदक के साथ उन्होंने भारत के लिए एक और बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली. ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में यह उनका दूसरा और अब तक का सबसे यादगार प्रदर्शन माना जा रहा है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए