श्रावण मास शुरू होने से पहले पूजन सामग्री के दाम बढ़े, व्यापारियों ने बताई वजह

सांकेतिक तस्वीर
दरभंगा में श्रावण मास की शुरुआत के साथ ही पूजा सामग्री के बाजार में रौनक लौट आई है, लेकिन महंगाई ने श्रद्धालुओं को चिंतित कर दिया है. खासकर कपूर के दाम में भारी वृद्धि देखी गई है. अधिकांश पूजा सामग्री के दामों में 15 से 20 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है.
Darbhanga News: दरभंगा. भगवान शिव की आराधना का पवित्र श्रावण मास 30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगा. पूरे महीने जिले के शिवालयों में जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, शिव नाम संकीर्तन, महामृत्युंजय मंत्र जाप और विशेष पूजा-अर्चना होगी. इस वर्ष सावन में चार सोमवारी पड़ रही हैं. श्रावण की तैयारियों के बीच पूजा सामग्री के बाजार में भी रौनक बढ़ गई है, लेकिन महंगाई ने श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी है.
पूजा सामग्री की कीमतों में 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी
कमल पंडित, अशोक मालाकार, विजय चौधरी, विशाल भंडारी, पुरुषोत्तम मालाकार और शिवकुमार यादव सहित व्यापारियों ने बताया कि पिछले तीन महीनों में लगन और धार्मिक आयोजनों के कारण अधिकांश पूजन सामग्रियों की कीमतों में 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई है. रुई की बत्ती, कपूर, धूना, हवन सामग्री, सुपारी और अन्य पूजन सामग्री पहले की तुलना में महंगी हो गई है.
कपूर सबसे ज्यादा महंगा, पैकेट का वजन भी हुआ कम
व्यापारियों के अनुसार कपूर की कीमत सबसे अधिक बढ़ी है. पहले यह करीब 1,200 रुपये प्रति किलो मिलता था, जो अब 2,000 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है. वहीं अगरबत्ती और धूपबत्ती की कीमत भले नहीं बढ़ी हो, लेकिन कंपनियों ने पैकेट का वजन कम कर दिया है. 50 रुपये वाली 125 ग्राम अगरबत्ती अब 90 ग्राम और 80 रुपये वाली 125 ग्राम धूपबत्ती अब 100 ग्राम की मिल रही है.
बाहर के राज्यों से आती है अधिकांश पूजन सामग्री
जिले में अधिकांश पूजन सामग्री वाराणसी, कोलकाता, दिल्ली, मथुरा और वृंदावन से मंगाई जाती है. व्यापारियों का कहना है कि बढ़ती परिवहन लागत और मांग में वृद्धि के कारण कीमतों में तेजी आई है. सावन शुरू होने के साथ बाजार में बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है.
प्रमुख पूजा सामग्री के वर्तमान दाम
- कपूर: 1,200 से बढ़कर 2,000 रुपये प्रति किलो
- गुग्गुल: 1,200 से 1,800 रुपये प्रति किलो
- सिंदूर: 300 से 400 रुपये प्रति किलो
- धूना: 400 से 600 रुपये प्रति किलो
- हवन सामग्री: 120 से 160 रुपये प्रति पैकेट
- पूजा वाला घी: 260 से 300 रुपये प्रति किलो
- सुपारी: 600 से 800 रुपये प्रति किलो
- पंचमेवा: 400 से 450 रुपये प्रति किलो
- तिल का तेल: 180 से 200 रुपये प्रति लीटर
- रुई की बत्ती: 20 से 30 रुपये प्रति पैकेट
यह भी पढ़ें: तारडीह में कमला बलान तटबंध के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, सड़क हादसे की आशंका
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राज कुमार रंजन
राज कुमार रंजन दो दशक से अधिक समय से हिंदी पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राष्ट्रीय समाचार पत्रों में काम कर चुके रंजन प्रशासनिक गतिविधियों के साथ-साथ राजनीतिक व सामाजिक क्षेत्रों में गहरी पैठ रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










