मुसरीघरारी-दरभंगा NH-322 चौड़ीकरण परियोजना पर ब्रेक, नया टेंडर होगा जारी

मुसरीघरारी-दरभंगा NH-322 चौड़ीकरण परियोजना पर ब्रेक, नया टेंडर होगा जारी
दरभंगा और समस्तीपुर के बीच बेहतर सड़क संपर्क की उम्मीदों को झटका लगा है। NH-322 (मुसरीघरारी-दरभंगा) सड़क चौड़ीकरण परियोजना का टेंडर रद्द कर दिया गया है। मंत्रालय के निर्देश के बाद निविदा की शर्तों में बदलाव किया गया है, जिससे नई निविदा जारी होने में कुछ देरी होगी।
दरभंगा: दरभंगा और समस्तीपुर के बीच बेहतर सड़क संपर्क की उम्मीद लगाए लोगों को बड़ा झटका लगा है. एनएच-322 (मुसरीघरारी-दरभंगा) सड़क चौड़ीकरण परियोजना का टेंडर फिलहाल रद्द कर दिया गया है. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से निविदा की शर्तों में बदलाव के निर्देश मिलने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग प्रमंडल, समस्तीपुर ने पहले जारी निविदा (एनआईटी) को निरस्त कर दिया है. अब संशोधित शर्तों के आधार पर नई निविदा जारी की जाएगी.
24 किलोमीटर सड़क का होना है चौड़ीकरण
यह परियोजना एनएच-322 पर मुसरीघरारी से दरभंगा तक 72.05 किलोमीटर से 96.00 किलोमीटर के बीच सड़क को पेव्ड शोल्डर सहित दो लेन में चौड़ा और सुदृढ़ करने से जुड़ी है. निर्माण कार्य ईपीसी (EPC) मोड पर प्रस्तावित था. परियोजना में सड़क निर्माण के साथ बिजली, पाइपलाइन समेत अन्य उपयोगिता सेवाओं के शिफ्टिंग का कार्य भी शामिल है.
मंत्रालय के निर्देश के बाद बदली निविदा की शर्तें
राष्ट्रीय राजमार्ग प्रमंडल द्वारा जारी कोरिजेंडम-10 के अनुसार, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने 19 जून को आरएफपी (Request for Proposal) और ड्राफ्ट एग्रीमेंट को मंजूरी देते हुए निर्देश दिया कि निविदा राशि को जीएसटी (GST) से अलग दर्शाया जाए. इस बदलाव के कारण आरएफपी, ड्राफ्ट एग्रीमेंट और तकनीकी दस्तावेजों में संशोधन जरूरी हो गया, जिसके चलते पहले जारी टेंडर को रद्द करना पड़ा.
ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर भी दर्ज हुई जानकारी
भारत सरकार के ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर भी इस निविदा को 'Cancellation of Tender' के रूप में दर्ज किया गया है. पोर्टल पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार, निविदा की शर्तों और तकनीकी स्पेसिफिकेशन में बदलाव को टेंडर निरस्त करने का मुख्य कारण बताया गया है.
निर्माण कार्य में होगी देरी
टेंडर रद्द होने से सड़क चौड़ीकरण परियोजना की शुरुआत में कुछ समय की देरी होना तय माना जा रहा है. हालांकि विभागीय अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला केवल तकनीकी और वित्तीय दस्तावेजों में संशोधन के कारण लिया गया है. संशोधित दस्तावेज तैयार होने के बाद नई निविदा जारी कर परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा.
लोगों की बढ़ी चिंता
मुसरीघरारी-दरभंगा मार्ग पर प्रतिदिन हजारों वाहन गुजरते हैं. बढ़ते ट्रैफिक और सड़क की मौजूदा स्थिति को देखते हुए लोग लंबे समय से इस परियोजना का इंतजार कर रहे हैं. ऐसे में टेंडर रद्द होने की खबर से स्थानीय लोगों में निराशा है, हालांकि उम्मीद जताई जा रही है कि नई निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा.
यह भी पढे़ं: अगले महीने से पेपरलेस होगा जमीन रजिस्ट्रेशन, ई-स्टाम्प की नई व्यवस्था लागू
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अजय कुमार मिश्रा
अजय कुमार मिश्रा पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. स्वास्थ्य, एयरपोर्ट, परिवहन, सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर गंभीर और तथ्यपूर्ण रिपोर्टिंग इनकी पहचान है. आम जनजीवन से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाना इनकी कार्यशैली की विशेष पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










