LNMU में PAT-2024 पर लगी रोक, अब UGC-NET, CSIR-NET और GATE के आधार पर होगा पीएचडी एडमिशन

LNMU की फाइल फोटो
ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) में पीएचडी प्रवेश परीक्षा (PAT-2024) पर राजभवन ने रोक लगा दी है. अब नई नियमावली के अनुसार, UGC-NET, CSIR-NET और GATE उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को प्राथमिकता मिलेगी. यह फैसला सभी पात्र उम्मीदवारों को समान अवसर देने के लिए लिया गया है.
LNMU PHD Admission: दरभंगा स्थित ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय (LNMU) में पीएचडी एडमिशन टेस्ट (PAT-2024) के जरिए होने वाले नामांकन पर फिलहाल रोक लगा दी गई है. राजभवन ने विश्वविद्यालय को PAT-2024 की अधिसूचना वापस लेने और बिहार राज्य विश्वविद्यालय पीएचडी अध्यादेश एवं विनियम-2026 के अनुसार नई प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है.
नई नियमावली के अनुसार होगी प्रवेश प्रक्रिया
बिहार लोक भवन, पटना से अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार सिंह द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि अब पीएचडी में नामांकन बिहार राज्य विश्वविद्यालय पीएचडी अध्यादेश एवं विनियम-2026 तथा यूजीसी के नए नियमों के अनुरूप होगा. इसके तहत अभ्यर्थियों का चयन UGC-NET, CSIR-NET और GATE के अंकों के आधार पर किया जाएगा. इसके बाद विभागीय अनुसंधान समिति (डीआरसी) साक्षात्कार आयोजित करेगी.
PAT-2024 की अधिसूचना होगी वापस
विश्वविद्यालय ने 24 नवंबर 2025 को PAT-2024 की अधिसूचना जारी कर लिखित परीक्षा आयोजित कर ली थी. हालांकि अब तक साक्षात्कार, मेधा सूची और अंतिम नामांकन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी है. राजभवन ने स्पष्ट किया है कि केवल लिखित परीक्षा आयोजित होने से किसी अभ्यर्थी को नामांकन का वैधानिक अधिकार नहीं मिल जाता.
नेट और गेट अभ्यर्थियों को नहीं मिला था मौका
राज्यपाल सचिवालय ने कहा कि अब तक साक्षात्कार शुरू नहीं होने के कारण UGC-NET, CSIR-NET और GATE उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को चयन प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर नहीं मिला. इसलिए नई नियमावली के अनुरूप सभी पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर देना जरूरी है.
सीटों की संख्या भी नहीं हुई थी घोषित
राजभवन ने यह भी इंगित किया कि विश्वविद्यालय ने अपनी पूर्व अधिसूचना में विषयवार रिक्तियों या सीटों की संख्या घोषित नहीं की थी. इससे स्पष्ट है कि नामांकन प्रक्रिया अभी अंतिम चरण में नहीं पहुंची थी. ऐसे में विश्वविद्यालय को निर्देश दिया गया है कि PAT-2024 की अधिसूचना तत्काल वापस लेकर नई विज्ञप्ति जारी की जाए और संशोधित नियमों के तहत पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया संचालित की जाए.
यह भी पढे़ं: Biroul News: खेत में मोटर का तार जोड़ते समय करंट लगने से किसान की मौत
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










