Darbhanga: एनडीए की सरकार तो इस बार कुशेश्वरस्थान में लगेगा मखान उद्योग: संजय झा

50 हजार से अधिक वोट से जितायेंगे तो उतनी करोड़ राशि से कुशेश्वरस्थान का विकास हम करायेंगे.
कुशेश्वरस्थान. एनडीए की सरकार बनेगी तो कुशेश्वरस्थान में मखान उद्योग लगाया जायेगा. हम वादा करते हैं कि अगर आपलोग इस बार विधानसभा चुनाव में एनडीए के प्रत्याशी को 50 हजार से अधिक वोट से जितायेंगे तो उतनी करोड़ राशि से कुशेश्वरस्थान का विकास हम करायेंगे. इतना ही नहीं, आप जिसे विधायक चुनेंगे उसका आधा भार मेरे उपर रहेगा. इस विस क्षेत्र को आनेवाले पांच वर्षों में जिले में पहले स्थान पर पहुंचाने का काम करेंगे. हम जो बोलते हैं, उसे करके दिखाते हैं. ये बातें कुशेश्वरस्थान के पाड़ो दर्शनिया में शुक्रवार को एनडीए के विधानसभा स्तरीय कार्यकर्त्ता सम्मेलन में राज्यसभा सांसद सह जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कही.
बाढ़ ग्रस्त रहनेवाले इलाके में लहलहा रही फसल
उन्होंने कहा कि कुशेश्वरस्थान विधानसभा को बाढ़ से मुक्त कराने का वादा उपचुनाव में किया था, जिसे चुनाव बाद ही पूरा किया. यहां पूरे इलाके में छह माह तक चारों तरफ पानी ही पानी नजर आती थी. वहीं अब किसानों के खेतों में धान लहलहा रही है. यहां के किसान भी खेतों में सब्जी व हल्दी उगा रहे हैं. कुशेश्वरस्थान से हमारा विशेष लगाव रहा है. अभी कुशेश्वरस्थान में कई और काम होना बांकी है. इसे अगले पांच साल में पूरा किया जायेगा. हमारे नेता सीएम नीतीश कुमार जो बोलते हैं, वह करके दिखाते हैं. इसका परिणाम आपके सामने है. 2005 से पहले कुशेश्वरस्थान से दरभंगा जाने में छह से सात घंटे लगते थे. लोग एक दिन में दरभंगा से वापस नहीं आ पाते थे. आज कुशेश्वर की बात कौन कहे, प्रखंड के पूर्वी इलाके के लोग भी दो घंटा में दरभंगा जाकर चले आते हैं. कमला बांध के पूर्वी व पश्चिमी दोनों बांध पर पक्की सड़क बनाया गया है. इससे कुशेश्वर के लोग चार घंटे में नेपाल पहुंच रहे हैं. नीतीश कुमार ने लोगों के घर-घर बिजली पहुंचाई, 24 घंटें बिजली आपूर्त्ति सुनिश्चित करायी और आज 125 यूनिट बिजली फ्री देकर 90 प्रतिशत लोगों का बिजली बिल माफ कर दिया. सामाजिक सुरक्षा पेंशन को चार सौ से तीन गुणा बढ़ाकर 11 सौ रुपये किया गया. महिला रोजगार सहायता योजना के तहत अगले 22 सितंबर को दो करोड़ 70 लाख महिलाओं के खाते में कलश स्थापन के अवसर पर दस-दस हजार रुपये की दर 27 हजार करोड़ रुपये एक क्लिक में बटन दबाकर भेजा जायेगा. महिलाओं के उत्थान के लिए पंचायतों में 50 प्रतिशत आरक्षण, पुलिस में महिलाओं की भर्त्ती, शिक्षक भर्त्ती कर लाखों लोगों को सरकारी नौकरी देने का काम एनडीए सरकार ने किया है.बड़े पैमाने पर लगाये जायेंगे उद्योग
संजय झा ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने घोषणा की कि आने वाले पांच साल में एक करोड़ लोगों को नौकरी व रोजगार देंगे. इसकी पूरी तैयारी कर ली गयी है. बिहार में बड़़े पैमाने पर उद्योग- धंधे लगेंगे. उसमें सबसे अधिक उद्योग मधुबनी व दरभंगा में लगेगा.आनेवाले समय समय में बिहार के लोगों को रोजगार के लिए दूसरे प्रदेश नहीं जाना पड़ेगा, बल्कि दूसरे प्रदेश से लोग बिहार रोजगार के लिए आयेंगे. मुख्यमंत्री बालिका साइकिल योजना, छात्रवृत्ति योजना, मैट्रिक-इंटर व ग्रेजुएशन पास करने वाली छात्रों के लिए प्रोत्साहन राशि योजना, बेरोजगार युवक-युवतियों को दो साल तक एक-एक हजार रुपया देने काम एनडीए सरकार ने किया है. प्रधानमंत्री मोदीजी ने दरभंगा में हवाई अड्डा, बिहार का दूसरा एम्स देने का काम किया. इसीका परिणाम है कि आज यहां के लोग चंद घंटों में दिल्ली, मुम्बई सहित अन्य प्रदेश चले जाते हैं. इसकी कल्पना कभी यहां के लोग नहीं की थी.पीएम की मां के प्रति अपशब्द का बदला लेगी प्रदेश की जनता
उन्होंने कहा कि मिथिला में अतिथि को देवता मानकर उनका सत्कार किया जाता है. उस धरती पर विपक्षी दल के नेता के समक्ष प्रधानमंत्री के परिजन व दिवंगत माताजी को अपशब्द्ध कहा गया. इतना ही नहीं, विपक्ष के नेता हमेशा प्राधनमंत्री के विरूद्ध अनर्गल बयान देते हैं. इसका बदला बिहार चुनाव में आपलोग लेने का काम करेंगे. आज बिहार चुनाव पर पूरे देश- दुनिया की नजर टिकी है. 2005 से पहले के बिहार में लोगों को बिहारी कहकर गाली दी जाती थी. एनडीए की सरकार बनी तो नेता नीतीश कुमार जर्जर बिहार को बदहाली से निकाल सक्षम व समृद्ध बिहार बनाने का काम 20 वर्षों में किया. बिहार अब विकास की रफ्तार पर सरपट दौड़ रही है. देश-दुनिया में बिहार के लोगों को सम्मान के नजरों से देखा जाता है. उन्नत व समृद्ध बिहार में विकास की गति बनाये रखने के लिए उन्होंने विधानसभा चुनाव में भारी मतों से एनडीए उम्मीदवारों को जीताने की अपील की.बिरौल से की राष्ट्रीय अध्यक्ष की आगवानी
इधर भागीरथ पासवान ने राज्यसभा झा का कार्यकर्ताओं के साथ बाइक से बिरौल से आगवानी की. सम्मेलन में कार्यकर्ताओं के साथ आमलोगों की भीड़ से पंडाल छोटा पड़ गया. इसमें सबसे अधिक महिलाओं की भीड़ देख संजय झा गदगद दिखे. उन्होंने महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएम की देन है कि इतनी बड़ी संख्या में आपलोगों ने भाग लेकर घंटों इंतजार किया है. आप नारी शक्ति हैं. नारी शक्ति की आंधी में विपक्ष की बची-खुची जमीन भी इसबार हवा हो जायेगी.जदयू जिलाध्यक्ष ईश्वर मंडल की अध्यक्षता व भाजपा जिलाध्यक्ष विनय पासवान के संचालन में सम्मेलन को विधायक अमन भूषण हजारी, पूर्व मंत्री डॉ अशोक कुमार, भाजपा विधायक आलोक रंजन, लोजपा आर के राष्ट्रीय महासचिव शहनवाज अहमद कैफी, जदयू जिला उपाध्यक्ष संजीव कुमार झा, भागीरथ पासवान, उपप्रमुख संतोष कुमार यादव, प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार राय, राजकुमार राय, अतिरेक कुमार, गौरव कुमार राय, हम के जिलाध्यक्ष मनोज सदा, छेदी राय, सीताराम राय, राजेश पासवान, गुंजन कुमारी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




