दरभंगा: संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, नशीला पदार्थ पीने का परिजनों ने लगाया आरोप

Updated:
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

दरभंगा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. परिजनों ने नशीले पदार्थ के सेवन को मौत का कारण बताया है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

Darbhanga News: सिमरी थाना क्षेत्र की सढ़वाड़ा पंचायत के रसलपुर वार्ड संख्या-3 निवासी 30 वर्षीय सुनील राम की बुधवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव में बिक रही नशीली सामग्री के सेवन से उसकी मौत हुई है. हालांकि पुलिस ने कहा है कि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है.

अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल ले जाने के दौरान मौत

मृतक के भाई सुशील राम और भाभी गूंजा देवी ने बताया कि सुनील राम मजदूरी कर शाम करीब छह बजे घर लौटा था. कुछ देर बाद वह फिर बाहर चला गया. रात करीब 10 बजे घर लौटकर खाना खाने के बाद सो गया. देर रात करीब 12 बजे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई. वह छटपटाने लगा और परिजनों से कहा कि अब वह नहीं बचेगा. इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

सुनील राम अपने पीछे पत्नी अमृता देवी, डेढ़ वर्षीय पुत्र सुंदरम कुमार और वृद्ध माता रेखा देवी को छोड़ गया है. बेटे की मौत के बाद मां रेखा देवी का रो-रोकर बुरा हाल था. घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है.

घटना की सूचना पर मुखिया प्रतिनिधि अरुण दास, सरपंच प्रतिनिधि विष्णु पासवान, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि अशोक राम, पूर्व सरपंच राजेश चौधरी, विश्वनाथ सहनी, मुकेश साह, कृष्णा राम, संतोष राम, रवि राम, सुजीत राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंचे.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने पर सिमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया.

थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि शराब या किसी नशीले पदार्थ के सेवन से मौत होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है. परिजनों के अनुरोध पर शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. आवेदन प्राप्त होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.


विज्ञापन
Ajay Yadav

लेखक के बारे में

By Ajay Yadav

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन