युवक का फंदे से लटका मिला शव, पुलिसकर्मियों से मारपीट कर सर्विस पिस्टल छीनी

विज्ञापन

नवनिर्मित मॉडल थाना बहादुरपुर | Prabhat Khabar Network

दरभंगा के बहादुरपुर में 22 वर्षीय मोनू सहनी का शव घर में फंदे से लटका मिला, जिससे गांव में तनाव है। परिजनों ने पुलिस पर मोबाइल को लेकर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम पर भीड़ ने हमला कर सर्विस पिस्टल छीन ली, जिसके बाद अतिरिक्त बल बुलाकर स्थिति नियंत्रित की गई।

विज्ञापन

Darbhanga News: बहादुरपुर थाना क्षेत्र की खराजपुर पंचायत के वार्ड नंबर-9 में मंगलवार को 22 वर्षीय मोनू सहनी की संदिग्ध स्थिति में मौत हो गयी. उसका शव घर में फंदे से लटका मिला. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी. सूचना मिलते ही बहादुरपुर, लहेरियासराय, बेंता, एपीएम समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची. सदर एसडीपीओ भी घटनास्थल पर पहुंचे.

मोबाइल को लेकर पुलिस पर दबाव बनाने का आरोप

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि मोबाइल फोन को लेकर पुलिस की ओर से मोनू पर दबाव बनाया जा रहा था. उनका कहना है कि इसी वजह से वह मानसिक रूप से परेशान था.

हालांकि, पुलिस ने इस आरोप से अलग घटनाक्रम बताया है. पुलिस के अनुसार, टेक्निकल सेल की टीम मोबाइल लोकेशन के आधार पर युवक के घर पहुंची थी.

पुलिसकर्मियों को घेरकर की मारपीट, सर्विस पिस्टल छीनी

पुलिस के मुताबिक, टेक्निकल सेल की टीम के दो पुलिसकर्मियों को स्थानीय लोगों और परिजनों ने घेर लिया. इसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गयी. इसी दौरान भीड़ ने दोनों पुलिसकर्मियों की सर्विस पिस्टल छीन ली.

सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा. करीब एक घंटे तक भीड़ के बीच फंसे दोनों पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला गया. पुलिस ने छीनी गयी दोनों सर्विस पिस्टल बरामद कर ली.

मारपीट में घायल दोनों पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए डीएमसीएच में भर्ती कराया गया. बेंता थाना पुलिस ने दोनों के फर्द बयान दर्ज किये हैं.

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

इधर, पुलिस ने मोनू सहनी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. युवक की मौत के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है.

घटना के बाद खराजपुर में पुलिस बल की तैनाती कर दी गयी है. पुलिस और प्रशासन की ओर से गांव में स्थिति पर नजर रखी जा रही है.

दोषियों को चिन्हित कर होगी कार्रवाई

सदर एसडीपीओ शुभेंद्र कुमार सुमन ने बताया कि पुलिस अधिकारियों के साथ मारपीट, सरकारी हथियार छीनने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले लोगों को चिन्हित किया जा रहा है. दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जायेगी.

एसडीपीओ ने बताया कि फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है.

यह भी पढ़ें

Darbhanga News: पंचायत स्तर पर विशेष शिविर में 244 आवेदन, 71 मामलों का मौके पर समाधान

विज्ञापन
पुरुषोत्तम कुमार चौधरी

लेखक के बारे में

By पुरुषोत्तम कुमार चौधरी

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन