इ-शिक्षाकोष ऐप तुरंत करें अपडेट, शिक्षा विभाग का बड़ा निर्देश
इ-शिक्षाकोष ऐप तुरंत करें अपडेट, शिक्षा विभाग का बड़ा निर्देश
बिहार शिक्षा विभाग ने सभी शिक्षकों और विद्यालयों को इ-शिक्षाकोष मोबाइल ऐप का नवीनतम वर्जन तुरंत अपडेट करने का निर्देश दिया है. यह अपडेट तकनीकी समस्याओं को दूर करेगा और मॉड्यूल के संचालन को बेहतर बनाएगा. एमडीएम की सूचना प्रतिदिन 11 बजे तक देना अनिवार्य है.
दरभंगा: बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी शिक्षकों, विद्यालयों और संबंधित अधिकारियों को इ-शिक्षाकोष (e-Shikshakosh) मोबाइल ऐप का नवीनतम वर्जन तुरंत अपडेट करने का निर्देश दिया है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि पुराने वर्जन के कारण मॉड्यूल के संचालन में तकनीकी समस्याएं आ रही हैं. ऐसे में सभी उपयोगकर्ता गूगल प्ले स्टोर से नया वर्जन डाउनलोड या अपडेट कर निर्धारित कार्यों का निष्पादन करें.
गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है नया वर्जन
शिक्षा विभाग की ओर से जारी पत्र के अनुसार, इ-शिक्षाकोष मोबाइल ऐप का नया संस्करण गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है. सभी शिक्षकों और कर्मियों को इसे तत्काल अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं. विभाग का कहना है कि नए वर्जन के इस्तेमाल से मॉड्यूल की कार्यक्षमता बेहतर होगी और तकनीकी दिक्कतों का समाधान होगा.
जिला और प्रखंड अधिकारियों को सौंपी गई निगरानी की जिम्मेदारी
परिषद ने जिला और प्रखंड स्तर के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने अधीन सभी विद्यालयों में ऐप अपडेट की प्रक्रिया की नियमित निगरानी करें. साथ ही निर्धारित समय सीमा के भीतर अनुपालन रिपोर्ट भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित हो सके.
एमडीएम की सूचना 11 बजे तक देना अनिवार्य
शिक्षा विभाग ने मध्याह्न भोजन (एमडीएम) से संबंधित सूचना प्रतिदिन सुबह 11 बजे तक उपलब्ध कराने का भी सख्त निर्देश जारी किया है. विभाग ने कहा है कि समय पर सूचना उपलब्ध नहीं कराने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
समयबद्ध पालन पर विभाग का जोर
बिहार शिक्षा परियोजना परिषद ने सभी संबंधित इकाइयों को निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित करने को कहा है. विभाग का उद्देश्य तकनीकी बाधाओं को दूर कर विद्यालयों से मिलने वाली सूचनाओं और ऑनलाइन मॉड्यूल के संचालन को अधिक प्रभावी बनाना है.
यह भी पढे़ं: श्यामा मंदिर परिसर में बिना अनुमति धरना पड़ा भारी, प्रदर्शनकारियों पर होगी FIR
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










