ठप विकास कार्यों पर प्रशासन का एक्शन, पंचायत सचिवों की जगह राजस्व कर्मी तैनात

प्रतीकात्मक तस्वीर
Darbhanga News: कुशेश्वरस्थान में हड़ताल के कारण विकास कार्य ठप होने पर डीएम ने पंचायत सचिवों को निलंबित कर दिया है. बीडीओ ने राजस्व कर्मचारियों को पंचायतों का संपूर्ण प्रभार सौंपकर काम शुरू करने का आदेश दिया है. जानिए खबर विस्तार से…
Darbhanga News: जिले के कुशेश्वरस्थान में लंबे समय से हड़ताल पर चल रहे पंचायत सचिवों पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. पंचायत सचिवों के हड़ताल के कारण पंचायतों में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए थे. इसे गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी (डीएम) ने हड़ताली पंचायत सचिवों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है.
राजस्व कर्मचारियों को मिला अतिरिक्त प्रभार
डीएम के आदेश के आलोक में कुशेश्वरस्थान के बीडीओ ललन कुमार चौधरी ने पत्र जारी कर अंचल में पदस्थापित राजस्व कर्मचारियों को संबंधित पंचायतों का संपूर्ण प्रभार सौंप दिया है. इन कर्मचारियों को अपने मूल कार्यों के अतिरिक्त आवंटित पंचायतों में पंचायत सचिव के कर्तव्यों और दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है.
जानिए किस राजस्व कर्मचारी को मिली किस पंचायत की जिम्मेदारी
प्रशासन द्वारा विकास कार्यों को गति देने के लिए निम्नलिखित राजस्व कर्मचारियों को प्रभारी पंचायत सचिव बनाया गया है:
दीपू कुमार ठाकुर: भदहर, बड़गांव और बरना पंचायत.
मुन्ना कुमार विश्वकर्मा: औराही, विषहरिया और मसानखोन पंचायत.
संदीप कुमार शर्मा: हरौली, गोठानी और चिगड़ी सिमराहा पंचायत.
सन्नी कुमार: बेरि, दिनमो और हरिनगर पंचायत.
लखिन्द्र कुमार: हिरणी और झझड़ा पंचायत.
जारी पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि यदि निलंबित पंचायत सचिव प्रभार नहीं सौंपते हैं, तो नियुक्त राजस्व कर्मचारियों द्वारा प्रभार स्वतः ग्रहण (स्वतः प्रभारित) समझा जाएगा.
दरभंगा के कुशेश्वरस्थान से सुधीर कुमार चौधरी की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










