दरभंगा: दरवाजा जलाकर घर में घुसे चोर, जेवर और नकदी लेकर हुए फरार

Updated:
विज्ञापन
Darbhanga News jogiyara-theft-case-elderly-couple-house-jewellery-cash-stolen

चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान

Darbhanga News: जोगियारा पंचायत में चोरों ने एक बुजुर्ग दंपती के घर को निशाना बनाते हुए जेवर, नकदी और बर्तन चोरी कर लिए. लगातार दूसरी चोरी की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग उठ रही है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

दरभंगा के जाले से केशवेन्द्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट

Darbhanga News: दरभंगा के जाले प्रखंड अंतर्गत जोगियारा पंचायत में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. एक बार फिर चोरों ने बुजुर्ग दंपती को निशाना बनाते हुए उनके घर से जेवर, नकदी और कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में दहशत और नाराजगी दोनों बढ़ रही है. ताजा घटना पंचायत के वार्ड संख्या 13 स्थित खेरुआ टोल की है, जहां शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने 85 वर्षीय विश्वंभर झा के घर को निशाना बनाया.

दरवाजे को जलाकर घर में घुसे चोर

बताया जा रहा है कि चोरों ने घर के मुख्य लकड़ी के दरवाजे को आग लगाकर क्षतिग्रस्त किया और उसके बाद भीतर प्रवेश किया. घर में घुसते ही बदमाशों ने अलमारी का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे स्वर्णाभूषण, फूल के बर्तन तथा नकदी लेकर फरार हो गए.

घर में अकेले थे बुजुर्ग दंपती

घटना के वक्त घर में केवल विश्वंभर झा और उनकी पत्नी मौजूद थे. परिवार के बड़े पुत्र रोजगार के सिलसिले में बाहर रहते हैं, जबकि छोटा पुत्र अलग आवास में रहता है. सुबह चोरी की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.

पहले भी हो चुकी है चोरी की वारदात

ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले 26 मई की रात जोगियारा पंचायत के वार्ड संख्या 9 स्थित चौथाई टोला निवासी सोगारथ साह के बंद घर में भी चोरी हुई थी. उस मामले में भी चोर जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए थे. अब तक उस घटना का खुलासा नहीं हो सका है.

पुलिस कार्रवाई का इंतजार

थानाध्यक्ष संदीप कुमार पाल ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से आवेदन मिलने का इंतजार किया जा रहा है. आवेदन प्राप्त होते ही प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की जाएगी. ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है.

विज्ञापन
अनिकेत कुमार

लेखक के बारे में

By अनिकेत कुमार

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन