दरभंगा: दोस्तों संग नदी में नहाने गया मासूम, डूबने से मौत, हायाघाट में पसरा मातम
Published by : Purushottam Kumar Updated At : 06 Jun 2026 11:34 AM
मौके पर जुटे ग्रामीण
Darbhanga News: दरभंगा के हायाघाट में करेह नदी में नहाने गए 13 वर्षीय विजय कुमार सहनी की डूबने से मौत. शनिवार सुबह दीघरा गांव के पास मिला शव, पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा गया. जानिए खबर बिस्तार से…
Darbhanga News: एपीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत अकराहा नवकाटोल गांव में शुक्रवार की शाम एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है. यहाँ करेह नदी में नहाने गए एक 13 वर्षीय किशोर की गहरे पानी में डूब जाने से दर्दनाक मौत हो गई. शनिवार की सुबह घटना स्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर नदी के किनारे से उसका शव बरामद किया गया. इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अकराहा गांव निवासी अमृत सहनी का पुत्र विजय कुमार सहनी शुक्रवार की शाम अपने चार अन्य दोस्तों के साथ गांव के समीप से गुजरने वाली करेह नदी में नहाने के लिए गया था. नहाने के क्रम में विजय का पैर अचानक फिसल गया और वह अनजाने में नदी के कड़े बहाव और गहरे पानी की ओर चला गया. पानी गहरा होने के कारण वह खुद को संभाल नहीं पाया और डूबने-उतराने लगा. उसे डूबता देख साथ गए अन्य बच्चे घबराकर तुरंत नदी से बाहर निकले और शोर मचाना शुरू किया, लेकिन जब तक आस-पास के लोग कुछ समझ पाते, विजय गहरे पानी में पूरी तरह समा चुका था.
अंधेरे के कारण रात में नहीं चला पता
चीख-पुकार सुनकर कुछ ही देर में भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण नदी घाट पर इकट्ठा हो गए और पानी में उतरकर खोजबीन शुरू कर दी. घटना की सूचना मिलते ही एपीएम थाना की पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची. स्थानीय गोताखोरों और पुलिस बल ने काफी मशक्कत की, लेकिन रात का कड़ा अंधेरा हो जाने के कारण किशोर का कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया.
सुबह दीघरा गांव के पास मिला शव
इसके बाद, शनिवार की सुबह करीब नौ बजे घटना स्थल से लगभग तीन किलोमीटर दूर स्थित दीघरा गांव के पास नदी किनारे एक स्थानीय व्यक्ति ने पानी में तैरता हुआ शव देखा. शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और परिजनों की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान विजय के रूप में हुई.
डीएमसीएच भेजा गया शव
शव बाहर निकाले जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कानूनी कार्रवाई करते हुए शव का पंचनामा तैयार किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए दरभंगा चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (DMCH) भेज दिया. इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने और सांत्वना देने के लिए मौके पर मुख्य पार्षद प्रतिनिधि मोहम्मद बसारतुल्लाह, सामाजिक कार्यकर्ता मनीष सिंह, अरुण कुमार सहनी, पूरण सहनी, सुधीर गुप्ता और मालवर यादव सहित सैकड़ों की संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे.
दरभंगा के हायाघाट से कमलेंद्र झा की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










