Darbhanga News: कमर्शियल गैस परमिट को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी, प्रशासन पर उठाए सवाल

सांकेतिक तस्वीर
Darbhanga News: दरभंगा में कमर्शियल गैस सिलेंडर परमिट को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है. जिला प्रशासन पांच सिलेंडर देने का दावा कर रहा है, जबकि उपभोक्ताओं को अनुमंडल कार्यालयों से सिर्फ तीन सिलेंडर का ही परमिट मिल रहा है। शादी के मौसम में लोगों की परेशानी बढ़ी है. जानिए खबर विस्तार से…
Darbhanga News: दरभंगा में शादी-विवाह और अन्य पारिवारिक कार्यक्रमों के लिए कमर्शियल गैस सिलेंडर को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है. जिला प्रशासन की ओर से जारी विज्ञप्तियों में जहां प्रति परिवार पांच कमर्शियल गैस सिलेंडर का परमिट देने की बात कही जा रही है, वहीं उपभोक्ताओं का दावा है कि अनुमंडल कार्यालयों से सिर्फ तीन सिलेंडर का ही परमिट जारी हो रहा है.
प्रशासन के दावे पर उठ रहे सवाल
उपभोक्ताओं का कहना है कि प्रशासन लगातार यह प्रचार कर रहा है कि जिले में घरेलू और कमर्शियल गैस की कोई कमी नहीं है. शादी, जनेऊ और श्राद्ध जैसे कार्यक्रमों के लिए आसानी से सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है. लेकिन जब लोग परमिट लेने अनुमंडल कार्यालय पहुंच रहे हैं, तो उन्हें अधिकतम तीन सिलेंडर की ही अनुमति मिल रही है.
परमिट की कॉपी दिखाकर जताई नाराजगी
कई लोगों ने अनुमंडल कार्यालय से जारी परमिट की प्रतियां दिखाते हुए प्रशासन के दावे पर सवाल खड़े किए हैं. उनका कहना है कि अगर पांच सिलेंडर देने की व्यवस्था है, तो फिर कार्यालयों में तीन सिलेंडर तक ही परमिट क्यों सीमित कर दिया गया है.
शादी के मौसम में बढ़ी परेशानी
इस समय जिले में शादी-विवाह का सीजन चल रहा है. ऐसे में बड़े भोज और अन्य आयोजनों के लिए अतिरिक्त गैस की जरूरत पड़ रही है. प्रशासन की घोषणा सुनकर लोगों को उम्मीद थी कि पांच सिलेंडर आसानी से मिल जाएंगे, लेकिन हकीकत सामने आने पर उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है.
हर दिन पहुंच रहे दर्जनों आवेदन
जानकारी के मुताबिक जिले के तीनों अनुमंडल कार्यालयों में रोजाना 60 से 70 आवेदन कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर परमिट के लिए आ रहे हैं. जिला आपूर्ति कार्यालय का कहना है कि कार्यक्रम की जरूरत और उपलब्धता को देखते हुए उसी अनुपात में परमिट जारी किया जा रहा है.
दरभंगा से प्रभात खबर प्रतिनिधि राजकुमार रंजन की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










