Darbhanga News: दरभंगा में मंत्री का बुलडोजर से स्वागत, मंच पर पॉकेटमार ने विधायक की जेब से उड़ाए पैसे

JCB से फूल बरसातें समर्थक
Darbhanga News: बिहार के वन एवं पर्यावरण मंत्री रामचंद्र प्रसाद के दरभंगा आगमन पर भव्य स्वागत हुआ. शोभन में बुलडोजर से फूलों की बारिश की गई, वहीं सिमरी में अभिनंदन समारोह के दौरान एक पॉकेटमार ने केवटी विधायक मुरारी मोहन झा की जेब से पैसे उड़ा लिए. पढ़ें पूरी खबर...
Darbhanga News: बिहार सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री रामचंद्र प्रसाद के गृह जिला आगमन पर सिमरी चौक स्थित भूतनाथ ट्रेडर्स परिसर में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया. केवटी विधायक मुरारी मोहन झा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मंत्री का जोरदार स्वागत किया. लेकिन इस दौरान एक ऐसी घटना घटी जिसने सबका ध्यान खींच लिया. भीड़ का फायदा उठाकर एक पॉकेटमार ने विधायक की जेब ही साफ कर दी.
बुलडोजर से स्वागत और आतिशबाजी
मंत्री के काफिले के शोभन पहुंचते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह दिखा. कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर पर चढ़कर मंत्री पर पुष्प वर्षा की और जमकर आतिशबाजी की. इस मौके पर पूर्व मंत्री हरि सहनी और जीवेश कुमार भी मौजूद रहे. मंत्री रामचंद्र प्रसाद ने कहा कि सरकार पर्यावरण संरक्षण और जल संचय के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और कार्यकर्ता इन योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं.
विधायक की जेब पर हाथ, फिर जो हुआ…
स्वागत समारोह के दौरान मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर एक पॉकेटमार ने केवटी विधायक मुरारी मोहन झा की जेब से पैसे निकाल लिए. शातिर चोर ने दूसरी जेब से मोबाइल निकालने की भी कोशिश की, तभी विधायक और उनके करीब खड़े कार्यकर्ता ने उसे पकड़ लिया.
जैसे ही युवक की पिटाई शुरू हुई, वह चकमा देकर दरभंगा-मुजफ्फरपुर एनएच पर लगी गाड़ियों की भीड़ में गायब हो गया. विधायक ने बाद में बताया कि उनका मोबाइल सुरक्षित है और पॉकेटमार ने पैसे जमीन पर फेंक दिए थे, जो वापस मिल गए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










