भरत तिवारी के चचेरे भाई आशीष की हकीकत आई सामने, फायरिंग, धमकी, मारपीट समेत ये मामले पहले से हैं दर्ज
आशीष तिवारी की तस्वीर
Bharat Tiwari Encounter: भरत तिवारी के चचेरे भाई आशीष तिवारी की हकीकत सामने आ गई है. सोशल मीडिया पर इसके वीडियो वायरल हो रहे. भरत के लिए हुई महापंचायत में आशीष ने भावुक भाषण दिया था. साथ ही उसने भरत के लिए नौकरी छोड़ देने की बात भी कही थी. ऐसे में अब यह जानकारी आई है कि आशीष पर पहले से दो मामले दर्ज हैं.
Bharat Tiwari Encounter: भोजपुर जिले के शाहपुर थाना इलाके के बिलौटी गांव में भरत तिवारी का एनकाउंटर कर दिया गया था. इसके लेकर कई पुलिसकर्मी घिर गए हैं और मामले में जांच चल रही है. इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर उसके चचेरे भाई आशीष तिवारी का एक वीडियो वायरल हो रहा है.
आपके शहर में
आशीष पर दो अलग-अलग थानों में मामले दर्ज
वीडियो में आशीष खुद को पुलिस में सिपाही की नौकरी छोड़कर आने और भाई का बदला लेने का दावा करता दिख रहा है. लेकिन हकीकत यह है कि आरक्षी संख्या 647 आशीष तिवारी के खिलाफ पहले से ही विभागीय कार्रवाई चल रही है और वह वर्तमान में मोतिहारी पुलिस लाइन में तैनात है. दोनों मामले मोतिहारी जिले में ही अलग-अलग थानों में दर्ज हैं.
आशीष तिवारी पर हैं ये आरोप
आशीष तिवारी के खिलाफ 2023 और 2024 में दो अलग-अलग विभागीय कार्रवाई दर्ज की गई है और दोनों मामले की वर्तमान में जांच जारी है. जांच पूरी होने के बाद ही उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी. दोनों मामलों में सहकर्मियों के साथ मारपीट, धमकी देने और हथियारों के दुरुपयोग से संबंधित आरोप है.
आशीष के खिलाफ पहला मामला
पुलिस मुख्यालय से मिली सूचना के मुताबिक, 2023 में आशीष की तैनाती मोतिहारी के हरपुर ओपी में थी. 7 जनवरी 2023 को रात लगभग 10 बजे अशीष तिवारी ने ड्यूटी के दौरान अचानक साथ कार्यरत पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज की.
आरोप है कि उन्होंने गार्ड रूम में हथियार तलाशने का प्रयास किया और हथियार न मिलने पर चाकू लेकर पुलिस अधिकारी और अन्य कर्मचारियों के पीछे दौड़ा. इस प्रकरण में उसे दंड स्वरूप 6 महीने के लिए वेतन वृद्धि (इन्क्रीमेंट) रोके जाने के साथ चेतावनी दी गई थी.
आशीष के खिलाफ दूसरा मामला
उसके खिलाफ दूसरी विभागीय कार्यवाही लंबित है. इस दौरान उसकी तैनाती जिले के पिपरा कोठी थाने में थी. इस मामले में दर्ज आरोपों के अनुसार, 17 अगस्त 2024 को पैंथर टीम में ड्यूटी के दौरान उन्होंने अपने साथ कार्यरत कर्मचारियों और गार्ड के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया. इस दौरान उसने 9 मिमी पिस्तौल को कॉक कर गार्ड की ओर फायर भी कर दिया था.
मामले में हस्तक्षेप करने वाले विभागीय अधिकारियों को भी उन्होंने धमकाया और फायर कर दी. अधिक दबाव बनाए जाने पर खुद को गोली मारने की भी धमकी दी थी. घटना के संबंध में एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) एवं आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के अंतर्गत दर्ज की गई है.
Also Read: ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के लिए जमीन देने वालों को सरकार का बड़ा तोहफा, मिलेगी ये खास छूट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए