दरभंगा: बीपीएम पंकज मिश्रा गोलीकांड में बड़ी सफलता, सहरसा से आरोपी गिरफ्तार
Published by : Aniket Kumar Updated At : 27 May 2026 3:08 PM
पुलिस के साथ गिरफ्तार आरोपी
Darbhanga News: अलीनगर में बीपीएम पंकज मिश्रा पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. सहरसा से पकड़े गए आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया. घटना के बाद इलाके में फैले डर के बीच पुलिस कार्रवाई से लोगों में भरोसा बढ़ा है. पढ़ें पूरी खबर…
दरभंगा के अलीनगर से एम ए सारिम की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में अप्रैल महीने में हुई चर्चित गोलीबारी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. ब्रांच पोस्ट ऑफिस धमसाईन के बीपीएम पंकज मिश्रा पर जानलेवा हमला करने वाले मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इलाके में पुलिस के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है.
सहरसा से दबोचा गया आरोपी
अलीनगर थानाध्यक्ष रंजीत कुमार शर्मा और एएसआई विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सहरसा जिले के रूपनगर निवासी पप्पू चौधरी को गिरफ्तार किया. वह इस मामले का अप्राथमिकी अभियुक्त बताया जा रहा है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को बेनीपुर न्यायालय में पेश किया गया.
पुलिस ने बताया बड़ी सफलता
एसडीपीओ बासुकीनाथ झा ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस कांड में शामिल अन्य दो आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी चल रही है. उन्होंने कहा कि मामले में पहले ही सुपारी देने के आरोपी दिलीप शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.
दरवाजे पर बैठकर काम कर रहे थे पंकज मिश्रा
घटना 2 अप्रैल 2025 की शाम करीब साढ़े सात बजे की है. पंकज मिश्रा अपने घर के बाहर बैठकर कागजी काम कर रहे थे. इसी दौरान बाइक पर सवार तीन लोग वहां पहुंचे. दो युवक गेट के पास पहुंचे और प्रणाम कर बातचीत करने लगे. इसी बीच उन्होंने अचानक पिस्टल निकालकर फायरिंग शुरू कर दी.
गोली लगने के बाद भी करते रहे मुकाबला
हमले के दौरान पंकज मिश्रा ने बदमाशों का विरोध किया और उनसे भिड़ गए. इसी दौरान गोली उनके पेट में लग गई. फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन बाहर निकले तो आरोपी भाग निकले. घायल अवस्था में पंकज मिश्रा को पहले अलीनगर सीएचसी और फिर बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद वह स्वस्थ हो गए.
घटना के बाद इलाके में फैल गया था डर
वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. पुलिस ने मामले की जांच कई एंगल से की और लगातार छापेमारी जारी रखी. स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से अब लोगों का पुलिस पर भरोसा मजबूत हुआ है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










