दरभंगा: एयरपोर्ट परियोजना में कार्यरत रसोइये की मौत, परिजनों ने उठाए सवाल

Updated:
विज्ञापन
the suspicious death of a cook working at Darbhanga Airport terminal construction site

प्रतीकात्मक तस्वीर

दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन निर्माण कार्य में लगे एक रसोइये की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. परिजनों ने शिकायत दर्ज कर मुआवजे और निष्पक्ष जांच की मांग की है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

दरभंगा से कुमार रोशन की रिपोर्ट

Darbhanga News: सदर थाना क्षेत्र के रानीपुर स्थित निर्माणाधीन एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन में कार्यरत एक रसोइये की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों ने मौत पर सवाल उठाते हुए पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. साथ ही निर्माण कंपनी से उचित मुआवजा देने की मांग की है.

कैसे मिली मौत की सूचना

मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के प्रेमनगर निवासी अजय कुमार चौधरी (48) के रूप में हुई है. वह लंबे समय से निर्माण कार्य करा रही कंपनी में कार्यरत थे और मजदूरों के लिए भोजन बनाने का काम करते थे.

मृतक के पुत्र लक्ष्मण कुमार चौधरी ने बताया कि कंपनी के टाइमकीपर अशोक मंडल ने फोन कर उनके पिता की तबीयत खराब होने की सूचना दी थी. कुछ देर बाद दोबारा फोन कर मौत की जानकारी दी गई. सूचना मिलने पर परिजन दरभंगा पहुंचे, जहां दिल्ली मोड़ स्थित एक निजी अस्पताल के बाहर कंपनी की एंबुलेंस में शव रखा मिला.

परिजनों ने उठाए सवाल

परिजनों का आरोप है कि उन्हें मौत की परिस्थितियों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई. इसी कारण उन्होंने मामले को संदिग्ध बताते हुए सदर थाना पुलिस को शिकायत सौंपी है. उनका कहना है कि अजय कुमार चौधरी कंपनी में कार्यरत करीब 14 लोगों का भोजन तैयार करते थे और लंबे समय से वहां काम कर रहे थे.

पुलिस जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. निर्माण कंपनी के प्रशासनिक विभाग से जुड़े हेमंत कुमार ने बताया कि अजय कुमार चौधरी की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी और अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है.

मुआवजे की मांग

मृतक अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं. परिजनों का कहना है कि वह परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे. उनकी मौत के बाद परिवार आर्थिक संकट में आ गया है. ऐसे में कंपनी से आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की जा रही है.

विज्ञापन
Sarfaraz Ahmad

लेखक के बारे में

By Sarfaraz Ahmad

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन